ऊर्जा आत्मनिर्भर भारत के संकल्प के साथ टीएचडीसीआईएल ने उल्लास के साथ मनाया 39वां स्थापना दिवस

चमोली /देहरादून। टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड (टीएचडीसीआईएल) के 39वें स्थापना दिवस के अवसर पर विष्णुगाड़-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना (वीपीएचईपी) परिसर में दो दिवसीय कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में निगम की उपलब्धियों, ऊर्जा क्षेत्र में उसके योगदान और भविष्य की योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए स्वच्छ एवं सतत ऊर्जा उत्पादन के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई गई।

कार्यक्रम अलकनंदापुरम परिसर में ध्वजारोहण के साथ हुई। कार्यपालक निदेशक (वीपीएचईपी) अजय वर्मा ने निगम का ध्वज फहराया। इस दौरान अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिवारजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान दूसरे आयोजित मुख्य समारोह में टीएचडीसीआईएल के प्रबंध निदेशक सिपन कुमार गर्ग ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देशभर में स्थित निगम की विभिन्न परियोजनाओं एवं इकाइयों के कर्मचारियों को संबोधित किया। उन्होंने स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि टीएचडीसीआईएल की सफलता उसके कर्मचारियों की मेहनत, समर्पण और टीम भावना का परिणाम है। उन्होंने बीते वर्ष के दौरान जलविद्युत, तापीय, सौर तथा पम्प्ड स्टोरेज परियोजनाओं में निगम द्वारा हासिल उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहना की।
अपने संबोधन में उन्होंने 444 मेगावाट विष्णुगाड़-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना की प्रगति को विशेष रूप से रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि चुनौतीपूर्ण भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद परियोजना टीम ने सिविल और विद्युत-यांत्रिक कार्यों में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है, जो पूरे निगम के लिए गर्व का विषय है।
इस अवसर पर कार्यपालक निदेशक अजय वर्मा ने कहा कि स्थापना के 39 वर्षों में टीएचडीसीआईएल ने देश के अग्रणी केंद्रीय सार्वजनिक उपक्रमों में अपनी मजबूत पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि निगम स्वच्छ, हरित एवं सतत ऊर्जा के उत्पादन के माध्यम से देश की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। उन्होंने परियोजना की प्रगति का श्रेय अधिकारियों, कर्मचारियों, संविदाकारों, परामर्शदाताओं, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, प्रशासन तथा क्षेत्रीय समुदाय के सहयोग को देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि सभी के सामूहिक प्रयासों से विष्णुगाड़-पीपलकोटी परियोजना निर्धारित समय में पूर्ण होकर राष्ट्र को समर्पित की जाएगी।
स्थापना दिवस समारोह का सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आकर्षण का केंद्र रहा। उत्तराखंड के प्रसिद्ध संगीत समूह ‘देवभूमि रिदम्स’ ने दीपक मैठाणी के नेतृत्व में गढ़वाली, कुमाऊँनी, जौनसारी, सूफी और बॉलीवुड गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर समां बांध दिया। रंगारंग प्रस्तुतियों पर उपस्थित अधिकारी, कर्मचारी एवं उनके परिजन देर तक झूमते रहे। समारोह का समापन राष्ट्र निर्माण, ऊर्जा आत्मनिर्भरता और सतत विकास के प्रति टीएचडीसीआईएल की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए किया गया। इस दौरान निगम को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने तथा देश की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने का सामूहिक संकल्प भी लिया गया।
