कुंभ-2027 की सुरक्षा को लेकर पुलिस अलर्ट, आतंकवाद से साइबर अपराध तक हर चुनौती से निपटने की तैयारी

देहरादून। कुंभ मेला-2027 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और भव्य रूप से संपन्न कराने के लिए उत्तराखंड पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और संभावित सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के लिए बहुस्तरीय सुरक्षा रणनीति तैयार की जा रही है। मेला क्षेत्र की निगरानी आधुनिक तकनीक के जरिए की जाएगी। इसके लिए इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC), सीसीटीवी कैमरे, ड्रोन और एंटी ड्रोन प्रणाली के साथ सोशल मीडिया मॉनिटरिंग तंत्र को मजबूत किया जाएगा।
पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ के निर्देशन में मंगलवार को हरिद्वार स्थित मेला नियंत्रण भवन सभागार में अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) वी. मुरुगेसन और अपर पुलिस महानिदेशक (प्रशासन) ए.पी. अंशुमान की संयुक्त अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कुंभ मेले की सुरक्षा एवं व्यवस्थागत तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई। इस दौरान आतंकवाद, संगठित अपराध, साइबर अपराध, ऑनलाइन धोखाधड़ी और सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों से निपटने के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाने पर जोर दिया गया।
बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (कुंभ मेला) आयुष अग्रवाल और एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर ने प्रस्तुतिकरण के माध्यम से अब तक की तैयारियों और प्रस्तावित कार्ययोजना की जानकारी दी। आईजी कुंभ मेला योगेंद्र सिंह रावत और मेलाधिकारी सोनिका सहित विभिन्न शाखाओं के अधिकारियों ने भी अपने सुझाव और तैयारियों का ब्योरा प्रस्तुत किया।
प्रमुख स्नान पर्वों पर भीड़ नियंत्रण की विशेष रणनीति
कुंभ के प्रमुख स्नान पर्वों पर उमड़ने वाली भारी भीड़ को नियंत्रित करना पुलिस के लिए सबसे बड़ी चुनौती होगी। इसे देखते हुए पैदल यात्रियों के डायवर्जन, होल्डिंग एरिया, वैकल्पिक मार्गों, आपातकालीन निकासी और आपदा प्रबंधन की विस्तृत योजना तैयार करने के निर्देश दिए गए। प्रमुख स्नान घाटों और संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, वॉच टावरों की स्थापना तथा बम निरोधक दस्तों के माध्यम से एंटी सबोटाज चेकिंग की व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। आतंकी गतिविधियों और अन्य सुरक्षा खतरों को देखते हुए एटीएस, एसटीएफ और अभिसूचना इकाइयों को सक्रिय रखने तथा सुरक्षा एजेंसियों के बीच त्वरित सूचना आदान-प्रदान सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
डिजिटल निगरानी से अफवाहों और साइबर अपराध पर नजर
कुंभ मेले के दौरान सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भ्रामक सूचनाओं एवं अफवाहों को रोकने के लिए विशेष निगरानी तंत्र विकसित किया जाएगा। साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के साथ संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधियों पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए ICCC, सीसीटीवी नेटवर्क, ड्रोन, एंटी ड्रोन प्रणाली और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल को समयबद्ध तरीके से क्रियाशील करने के निर्देश दिए गए।
यातायात, रेलवे और अग्निशमन व्यवस्था पर भी फोकस
मेला क्षेत्र में पार्किंग स्थलों, होल्डिंग एरिया और वैकल्पिक यातायात मार्गों का समय से निर्धारण करने के निर्देश दिए गए। भीड़ के दबाव से जाम की आशंका वाले बॉटलनेक प्वाइंट चिह्नित कर उनके प्रबंधन की योजना बनाई जाएगी। रेलवे स्टेशनों पर जीआरपी की तैनाती, ट्रेनों के नियमन, सीसीटीवी निगरानी और आपातकालीन व्यवस्थाओं की भी समीक्षा हुई। इसके अलावा अग्निशमन उपकरणों, फायर सेफ्टी परीक्षण और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
पुलिसकर्मियों के प्रशिक्षण और सुविधाओं की होगी व्यवस्था
कुंभ मेले में तैनात होने वाले पुलिस बल की आवश्यकता का आकलन कर सीएपीएफ, होमगार्ड, जल पुलिस, घुड़सवार पुलिस, यातायात पुलिस और अग्निशमन कर्मियों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। बाहरी राज्यों से आने वाले पुलिस बल के साथ समन्वय, पुलिसकर्मियों के प्रशिक्षण और उनके आवास, भोजन, पेयजल, शौचालय तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए। निर्माणाधीन पुलिस थानों, चौकियों और पुलिस लाइनों का निर्माण निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के साथ वाहनों एवं आधुनिक उपकरणों की खरीद और आपूर्ति भी प्राथमिकता से करने को कहा गया।
वरिष्ठ अधिकारियों ने किया मेला क्षेत्र का निरीक्षण
समीक्षा बैठक के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मेला क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। एडीजी वी. मुरुगेसन और एडीजी ए.पी. अंशुमान ने पुलिस लाइन ऋषिकुल का संयुक्त निरीक्षण किया। वहीं आईजी नीलेश आनंद भरणे ने थाने-चौकियों, घाटों, हरकी पैड़ी के अस्थायी पुलों और संकरे मार्गों का निरीक्षण किया। आईजी विम्मी सचदेवा ने संचार सब कंट्रोल रूम और फायर स्टेशनों की व्यवस्थाएं देखीं। आईजी कृष्ण कुमार वी.के. ने हाईवे पार्किंग, होल्डिंग एरिया और रेलवे स्टेशनों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया, जबकि आईजी बरिंदरजीत सिंह ने निर्माणाधीन भवनों का निरीक्षण किया।
बैठक में आईजी प्रशिक्षण अनंत शंकर ताकवाले, आईजी कार्मिक सुनील मीणा, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, आईजी कुंभ योगेंद्र सिंह रावत, आईजी अपराध एवं कानून व्यवस्था नीलेश आनंद भरणे, एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह सहित विभिन्न वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि कुंभ मेला-2027 से संबंधित सभी तैयारियां निर्धारित समयसीमा में पूरी की जाएं और प्रत्येक कार्य की नियमित समीक्षा की जाए।
