मानवाधिकारों की रक्षा के लिए 36 विशिष्ट व्यक्तित्वों को ‘उत्तराखंड मानव संरक्षण रत्न अवार्ड’ से किया सम्मानित

देहरादून। मानवाधिकार संरक्षण केंद्र, देहरादून की ओर से रविवार, 15 नवंबर को पुरुकुल स्थित ग्रीन हेरिटेज में मानवाधिकारों पर विचार गोष्ठी एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मानवाधिकारों के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही अपने-अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं विशिष्ट कार्य करने वाले 36 महानुभावों को ‘उत्तराखंड मानव संरक्षण रत्न अवार्ड’ से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मानवाधिकार संरक्षण केंद्र के उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्य विधि आयोग के पूर्व अध्यक्ष जस्टिस राजेश टंडन ने मानवाधिकारों से जुड़े विभिन्न कानूनी प्रावधानों और उनके महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि मानवाधिकारों की शुरुआत व्यक्ति के जन्म के साथ ही हो जाती है। प्रत्येक व्यक्ति के मानवाधिकारों की रक्षा करना हम सभी का सामूहिक दायित्व है। उन्होंने मानवाधिकार संरक्षण के लिए उपलब्ध कानूनी व्यवस्थाओं की जानकारी देते हुए इनके प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए उत्तरांचल विश्वविद्यालय के प्रो-वाइस चांसलर राजेश बहुगुणा ने कहा कि मानवाधिकार संरक्षण केंद्र द्वारा मानवाधिकारों की रक्षा और समाज में जागरूकता के लिए किए जा रहे प्रयास प्रेरणादायी हैं। ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक सोच विकसित करने के साथ ही लोगों को अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक करते हैं। विशिष्ट अतिथि चिकित्सा शिक्षा उत्तराखंड के निदेशक डॉ. आशुतोष सयाना ने कहा कि चिकित्सक अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी ईमानदारी से करते हैं, लेकिन कई बार उन्हें भी विपरीत परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है। वहीं, एसपी सिटी शेखर सुयाल ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पुलिस आम जनता के हितों और अधिकारों की रक्षा के लिए कार्य करती है, इसके बावजूद कई बार पुलिस पर मानवाधिकारों के उल्लंघन के आरोप लगाए जाते हैं। उन्होंने इस विषय पर संतुलित दृष्टिकोण अपनाने की आवश्यकता बताई।
इस अवसर पर चिकित्सा शिक्षा निदेशक डॉ. आशुतोष सयाना, एसपी सिटी शेखर सुयाल, दून अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज शर्मा, मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. आरएस बिष्ट तथा विजिलेंस इंस्पेक्टर संजीव त्यागी सहित कुल 36 विशिष्ट व्यक्तित्वों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन मानवाधिकार संरक्षण केंद्र के प्रांतीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. सुनील अग्रवाल ने किया, जबकि आयोजन के संयोजक केंद्र के देहरादून जिलाध्यक्ष अकबर सिद्दीकी रहे। इस दौरान मानवाधिकार संरक्षण केंद्र के प्रांतीय सचिव राजीव वर्मा, हर्षल फाउंडेशन की संयोजक रमा गोयल, विजय कथूरिया, एसपी सिंह, इरशाद सहित केंद्र के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
