Uttarakhandउत्तराखंडदावा

केदारताल ट्रैक पर लापता ट्रैकर्स की तलाश जारी, 4000 मीटर की ऊंचाई पर मिला टेंट और सामान

देहरादून। उत्तरकाशी के दुर्गम केदारताल ट्रैक पर लापता ट्रैकर्स की तलाश के लिए SDRF और नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (NIM) का संयुक्त सर्च एवं रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है। विषम भौगोलिक परिस्थितियों, भारी बर्फबारी और अत्यधिक ऊंचाई के बीच जवान लापता ट्रैकर्स तक पहुंचने के लिए चुनौतीपूर्ण अभियान चला रहे हैं।

सर्च ऑपरेशन के दौरान रेस्क्यू टीम को करीब 4000 मीटर की ऊंचाई पर केदार खड़क के समीप लापता ट्रैकर्स का टेंट और कुछ अन्य सामान बरामद हुआ है। इसके अलावा तलाशी अभियान के दौरान एक बैग भी मिला है। हालांकि, इन महत्वपूर्ण सुरागों के बावजूद अभी तक लापता ट्रैकर्स का कोई पता नहीं चल पाया है। सेनानायक SDRF अर्पण यदुवंशी के दिशा-निर्देशों में SDRF की एडवांस टीम घटनास्थल की ओर लगातार सर्चिंग कर रही है। मौके पर मौजूद टीम प्रभारी ने सैटेलाइट फोन के माध्यम से अधिकारियों को बताया कि क्षेत्र में लगातार बर्फबारी हो रही है। प्रतिकूल मौसम और अत्यधिक ऊंचाई के कारण अभियान में काफी मुश्किलें आ रही हैं।
सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेस्क्यू टीम ने मौके पर ही सुरक्षित कैंप स्थापित कर लिया है। जवान रात में वहीं विश्राम करेंगे। मौसम अनुकूल होने पर दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया जाएगा। SDRF और NIM के जवान आपसी समन्वय से लापता ट्रैकर्स की तलाश में जुटे हैं। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में लगातार बिगड़ते मौसम के बीच रेस्क्यू टीम की चुनौती बढ़ गई है। फिलहाल सभी की निगाहें सर्च ऑपरेशन के अगले चरण और लापता ट्रैकर्स की सकुशल तलाश पर टिकी हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button