वीडियो…ऋषिकेश -बद्रीनाथ हाईवे पर भीषण सड़क हादसा: 100 मीटर गहरी खाई में गिरी यात्री बस, आठ की मौत, 26 घायल

देहरादून। उत्तराखंड में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार तड़के टिहरी गढ़वाल जनपद में गूलर बाजार के समीप एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। हरिद्वार से चमोली जा रही यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर गूलर पुल से करीब 100 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि 26 यात्री घायल हो गए। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही SDRF, पुलिस और अन्य राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचे और युद्धस्तर पर रेस्क्यू अभियान चलाया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार 17 नवंबर 2026 को सुबह करीब 4:30 बजे यात्री बस संख्या UK09PA-9779 हरिद्वार से चमोली की ओर जा रही थी। इसी दौरान गूलर बाजार के समीप चालक बस पर नियंत्रण खो बैठा और बस पुल से लगभग 100 मीटर नीचे गदेरे में जा गिरी। दुर्घटना की सूचना मिलते ही SDRF पोस्ट ब्यासी से उपनिरीक्षक सावर सिंह के नेतृत्व में टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
दुर्गम खाई में चलाया गया सघन रेस्क्यू अभियान
दुर्घटना की गंभीरता को देखते हुए SDRF सेनानायक अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर पोस्ट ढालवाला और SDRF वाहिनी मुख्यालय से अतिरिक्त टीमें भी घटनास्थल के लिए भेजी गईं। निरीक्षक कविंद्र सजवाण के नेतृत्व में पहुंची टीमों ने स्थानीय पुलिस, प्रशासन, स्थानीय लोगों और अन्य बचाव एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। करीब 100 मीटर गहरी खाई और दुर्गम भूभाग के कारण रेस्क्यू अभियान में जवानों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। दुर्घटनाग्रस्त बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने के लिए SDRF जवानों ने कड़ी मशक्कत की। घायलों को स्ट्रेचर की मदद से दुर्गम रास्ते से ऊपर सड़क तक पहुंचाया गया। इसके बाद एंबुलेंस के माध्यम से सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
आठ यात्रियों की मौत, शव भी खाई से निकाले
इस दर्दनाक हादसे में आठ लोगों की जान चली गई। SDRF के जवानों ने बस में फंसे मृतकों के शवों को भी कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला और स्ट्रेचर के माध्यम से सड़क तक पहुंचाया। इसके बाद शवों को एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया।
आसपास के क्षेत्रों में भी की गई सर्चिंग
रेस्क्यू अभियान के दौरान किसी अन्य यात्री के खाई में फंसे होने अथवा लापता होने की आशंका को देखते हुए SDRF की विभिन्न टीमों ने घटनास्थल और आसपास के संभावित क्षेत्रों में सघन सर्च अभियान भी चलाया। स्थानीय पुलिस, प्रशासन, राहत एजेंसियों और स्थानीय लोगों के संयुक्त प्रयासों से राहत एवं बचाव अभियान पूरा किया गया।
इस भीषण दुर्घटना ने एक बार फिर पहाड़ी मार्गों पर यातायात सुरक्षा और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल हादसे के कारणों की विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।