एनआईएम में राष्ट्रीय स्तर की प्रतिभाओं का दमखम, स्पोर्ट क्लाइम्बिंग चैंपियनशिप के दूसरे दिन खिलाड़ियों ने दिखाया हुनर

देहरादून। नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (एनआईएम) उत्तरकाशी में आयोजित 30वीं आईएमएफ नॉर्थ जोन स्पोर्ट क्लाइम्बिंग चैंपियनशिप के दूसरे दिन भी खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। तीन दिवसीय प्रतियोगिता में उत्तर भारत के आठ राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के 80 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। खिलाड़ी चढ़ाई के रोमांचक मुकाबलों में अपनी शारीरिक क्षमता, तकनीकी कौशल और साहस का प्रदर्शन कर रहे हैं।

16 से 18 नवंबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता में लद्दाख, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और दिल्ली के प्रतिभागी शामिल हैं। प्रतियोगिता के तहत लीड क्लाइम्बिंग, स्पीड क्लाइम्बिंग और बोल्डरिंग की तीन विधाओं में सब-जूनियर, जूनियर और सीनियर (ओपन) वर्ग के मुकाबले आयोजित किए जा रहे हैं। प्रतियोगिता का विशेष आकर्षण चार पैरा-एथलीट भी हैं, जो अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, हौसले और खेल के प्रति समर्पण से अन्य खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बन रहे हैं।
दूसरे दिन आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में आईएमएफ नॉर्थ जोन के चेयरमैन कर्नल अमित बिष्ट, एसएम (सेवानिवृत्त) और एनआईएम के प्रधानाचार्य कर्नल एस.एस. राजपुरोहित ने विभिन्न वर्गों एवं स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेलों में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर एनआईएम के रजिस्ट्रार प्रवीण कुमार, मेजर आर.एस. जामनाल (सेवानिवृत्त), होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष शैलेन्द्र मटूरा, दीपेन्द्र पंवार, ट्रैकिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष जयेंद्र राणा, मनोज रावत और विशाल कलूरा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। चैंपियनशिप के माध्यम से विभिन्न राज्यों के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ एक-दूसरे से अनुभव साझा करने का अवसर मिल रहा है। यह आयोजन देश में स्पोर्ट क्लाइम्बिंग को बढ़ावा देने और युवाओं को इस साहसिक खेल से जोड़ने की दिशा में भी महत्वपूर्ण साबित हो रहा है। प्रतियोगिता का समापन 18 नवंबर को होगा। अंतिम दिन विभिन्न श्रेणियों के मुकाबलों के साथ प्रतियोगिता के विजेताओं का फैसला होगा।
