Uttarakhandउत्तराखंडजिम्मेदारी

प्रदेश ग्राम प्रधान संगठन के प्रदेश महामंत्री बने संजय सिंह, संगठन को मजबूत बनाने का लिया संकल्प

देहरादून। प्रदेश ग्राम प्रधान संगठन, उत्तराखंड की प्रदेश अध्यक्ष योगिता कैंतुरा रावत ने रायपुर ब्लॉक के सेरा गांव के ग्राम प्रधान एवं भाजपा नेता संजय सिंह को संगठन का प्रदेश महामंत्री नियुक्त किया है। इस संबंध में संगठन की ओर से नियुक्ति पत्र जारी किया गया है। नियुक्ति के बाद संजय सिंह ने प्रदेश अध्यक्ष से शिष्टाचार भेंट कर संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपने के लिए उनका आभार व्यक्त किया तथा संगठन की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का विश्वास दिलाया।

जारी नियुक्ति पत्र में कहा गया है कि ग्राम प्रधानों के हितों के प्रति संजय सिंह की सक्रिय भागीदारी, संगठनात्मक क्षमता, समर्पण और जनसेवा की भावना को देखते हुए उन्हें प्रदेश महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई है। संगठन ने विश्वास जताया है कि वह ईमानदारी, पारदर्शिता और संगठन के संविधान के अनुरूप कार्य करते हुए ग्राम प्रधानों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाएंगे तथा पंचायत राज व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
नवनियुक्त प्रदेश महामंत्री संजय सिंह ने कहा कि संगठन द्वारा उन पर जताए गए विश्वास के लिए वे प्रदेश अध्यक्ष योगिता कैंतुरा रावत एवं संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों के प्रति आभारी हैं। उन्होंने कहा कि ग्राम प्रधानों के अधिकारों, सम्मान और समस्याओं के समाधान के लिए पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करेंगे। साथ ही संगठन को प्रदेशभर में और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने के लिए सभी पदाधिकारियों और ग्राम प्रधानों को साथ लेकर चलेंगे। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के प्रत्येक ग्राम प्रधान की आवाज को मजबूती से उठाना, पंचायतों के विकास से जुड़े मुद्दों पर प्रभावी पहल करना तथा सरकार और प्रशासन के समक्ष ग्राम प्रधानों की समस्याओं को प्रमुखता से रखना उनकी प्राथमिकता होगी। संजय सिंह की नियुक्ति पर संगठन के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, ग्राम प्रधानों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व और संगठनात्मक अनुभव का लाभ पूरे प्रदेश के ग्राम प्रधानों को मिलेगा तथा संगठन नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button