Uttarakhandअपराधउत्तराखंडदावापुलिस

….तो दून में तीन सौ रूपये के विवाद में हुआ ट्रिपल मर्डर, पुलिस का दावा प्लंबर ने पेचकस से बुजुर्ग दंपती और नौकरानी को मार डाला

दो साल से घर में कर रहा था प्लंबिंग का काम, घटना के दिन भी दंपती ने ही बुलाया था; वारदात के बाद स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले किया

देहरादून। रायपुर थाना क्षेत्र की विष्णुलोक कॉलोनी में मंगलवार दोपहर हुए सनसनीखेज ट्रिपल मर्डर का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी प्लंबर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पिछले करीब दो वर्षों से बुजुर्ग दंपती के घर पर प्लंबिंग का काम कर रहा था। घटना के दिन भी उसे बुजुर्ग दंपती ने ही काम के लिए घर बुलाया था। काम पूरा होने के बाद पैसों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। आरोपी ने अपने पास रखे पेचकस से बुजुर्ग दंपती पर हमला कर उनकी हत्या कर दी। इसी दौरान पड़ोस के घर में काम करने वाली महिला नौकरानी आवाज सुनकर वहां पहुंची और बीच-बचाव का प्रयास किया तो आरोपी ने उस पर भी पेचकस से हमला कर दिया, जिससे उसकी भी मौत हो गई। इधर,. पुलिस का दावा है कि आरोपी ने  काम के 600 रूपये मांगे जबकि बुजुर्ग ने 300 रूपये दिए। इसके बाद बाकी 300के लिए दोनों के बीच विवाद हुआ तो आरोपी ने गुस्से में बुजुर्ग दम्पति और नौकरानी को मौत के घाट उतार दिया है।

पुलिस के अनुसार, घटना मंगलवार 6 अक्टूबर को अपराह्न करीब 3:10 बजे सामने आई। कंट्रोल रूम के माध्यम से रायपुर थाना पुलिस को तपोवन क्षेत्र स्थित विष्णुलोक कॉलोनी में एक घर में चोरी किए जाने और आरोपी को स्थानीय लोगों द्वारा पकड़ लिए जाने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष रायपुर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वहां स्थानीय लोगों ने एक व्यक्ति को पकड़ रखा था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जानकारी ली तो पता चला कि पकड़े गए व्यक्ति ने घर में रहने वाले बुजुर्ग दंपती और एक महिला पर पेचकस से हमला किया है। घर के भीतर बुजुर्ग दंपती और महिला लहूलुहान हालत में अचेत पड़े थे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को तत्काल कोरोनेशन अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मौके से हत्या में इस्तेमाल पेचकस बरामद
पुलिस ने घटनास्थल से वारदात में इस्तेमाल पेचकस बरामद कर लिया। घटना की सूचना मिलने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून समेत पुलिस के अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक एवं फील्ड यूनिट की टीम को मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी करने के साथ ही विभिन्न साक्ष्य जुटाए। मृतका महिला के परिजनों की तहरीर पर रायपुर थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। हिरासत में लिए गए आरोपी राजकुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के कब्जे से एक सोने की चेन भी बरामद हुई है। हालांकि पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

दो साल से दंपती के घर आता-जाता था आरोपी
पूछताछ में आरोपी राजकुमार ने पुलिस को बताया कि वह प्लंबर का काम करता है और पिछले करीब दो वर्षों से बुजुर्ग दंपती के घर पर प्लंबिंग का काम करने के लिए आता-जाता था। मंगलवार को भी दंपती ने उसे प्लंबिंग के काम के लिए अपने घर बुलाया था। काम पूरा होने के बाद पैसों के लेन-देन को लेकर उसकी बुजुर्ग दंपती से कहासुनी हो गई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि विवाद के दौरान उसने जान से मारने की नीयत से अपने पास रखे पेचकस से बुजुर्ग दंपती पर हमला कर दिया। इसी दौरान पड़ोस के घर में काम करने वाली नौकरानी तिलया देवी उर्फ शीला ने बुजुर्ग दंपती की आवाज सुनी और मौके पर पहुंचकर बीच-बचाव करने का प्रयास किया। आरोपी ने उस पर भी पेचकस से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, घटनास्थल और आसपास लगे कैमरों में आरोपी बुजुर्ग दंपती के घर की ओर अकेले जाता हुआ दिखाई दिया है। पुलिस अन्य कैमरों की फुटेज का भी गहनता से अवलोकन कर रही है, ताकि घटना से जुड़े सभी पहलुओं और आरोपी की गतिविधियों की पुष्टि की जा सके। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया घटना पैसों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद के बाद हुई हत्या से जुड़ी सामने आ रही है। इसके बावजूद घटना के सभी पहलुओं की गहनता से विवेचना की जा रही है और आरोपी से विस्तृत पूछताछ जारी है।

मृतकों की पहचान
रजनी कपूर, पत्नी रमेश चंद्र कपूर, निवासी लेन नंबर दो, विष्णुलोक कॉलोनी, तपोवन रोड, थाना रायपुर, देहरादून — उम्र 75 वर्ष। रमेश कपूर, पुत्र स्व. द्वारिका दास कपूर, निवासी उपरोक्त — उम्र 80 वर्ष। तिलया देवी उर्फ शीला, पत्नी स्व. पवन राम, निवासी बिहारी बस्ती, विद्या विहार, थाना रायपुर, देहरादून — उम्र 48 वर्ष। तिलया देवी बुजुर्ग दंपती के पड़ोस में काम करने वाली महिला थी।

गिरफ्तार आरोपी
राजकुमार पुत्र वीरेंद्र सिंह, निवासी इंद्रेश नगर, सहारनपुर चौक के पास, थाना कोतवाली नगर, देहरादून। मूल निवासी बांदा, थाना किरतपुर, जनपद बिजनौर, उत्तर प्रदेश।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button