भटवाड़ी की मांगों को लेकर धरना स्थल पहुंचे पूर्व विधायक, जनहित के मुद्दों को सरकार के समक्ष मजबूती से रखने का भरोसा

देहरादून। गंगोत्री विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण ने सोमवार को भटवाड़ी मुख्यालय में विकास संघर्ष समिति के बैनर तले पिछले 12 दिनों से चल रहे शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन में पहुंचकर क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनीं और उनकी मांगों को न्यायोचित बताते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

धरना स्थल पर विकास संघर्ष समिति के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय ग्रामीणों ने पूर्व विधायक के समक्ष क्षेत्र की प्रमुख समस्याएं रखते हुए भटवाड़ी में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना, उत्तरकाशी से गंगोत्री तक ऑलवेदर रोड का शीघ्र निर्माण तथा विकासखंड एवं तहसील स्तर के सभी सरकारी कार्यालयों का भटवाड़ी में नियमित संचालन और अधिकारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने की मांग उठाई। क्षेत्रवासियों का कहना था कि ये मांगें सीमांत क्षेत्र के समग्र विकास और बेहतर भविष्य से जुड़ी हैं। इस अवसर पर विजयपाल सजवाण ने कहा कि सीमांत क्षेत्रों का संतुलित और समग्र विकास राज्य एवं केंद्र सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों की सभी मांगें जनहित में हैं और इनका शीघ्र समाधान होना चाहिए। उन्होंने कहा कि वह हमेशा सीमांत क्षेत्र की जनभावनाओं के साथ खड़े रहे हैं और आगे भी क्षेत्र के विकास से जुड़े प्रत्येक मुद्दे को पूरी मजबूती के साथ सरकार और शासन के समक्ष उठाते रहेंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भटवाड़ी सहित पूरे गंगोत्री क्षेत्र के विकास के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे तथा इन मांगों को मुख्यमंत्री और सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से रखकर सकारात्मक निर्णय कराने का प्रयास किया जाएगा।
पूर्व विधायक ने विकास संघर्ष समिति एवं क्षेत्रवासियों द्वारा पिछले 12 दिनों से शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से किए जा रहे आंदोलन की सराहना करते हुए इसे जनहित और लोकतांत्रिक मूल्यों का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। उन्होंने विश्वास जताया कि राज्य सरकार जनभावनाओं का सम्मान करते हुए इन मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेगी, जिससे भटवाड़ी सहित पूरे सीमांत क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
इस दौरान समिति अध्यक्ष विवेक नौटियाल, सचिव यजवेन्द्र रावत, जिला पंचायत सदस्य ज्योति राणा, क्षेत्र पंचायत सदस्य आशिता नौटियाल, भाजपा मंडल अध्यक्ष मनोजेंद्र रावत, मंडल महामंत्री संदीप रावत, सीमा रावत, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य राजकेंद्र थनवान, पूर्व प्रधान विपिन राणा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
