Uttarakhandउत्तराखंडदावापर्व

मुख्यमंत्री ने उत्तरकाशी को दी विश्वनाथ-शक्ति माता कॉरिडोर की सौगात, पूर्व विधायक के नाम जाना जाएगा ये अस्पताल

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को उत्तरकाशी दौरे के दौरान प्रसिद्ध श्री काशी विश्वनाथ मंदिर एवं शक्ति मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इसके बाद मुख्यमंत्री ऐतिहासिक रामलीला मैदान में आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत सेवा ज्योति कलश यात्रा और विशाल सेवा संकल्प सभा में शामिल हुए। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन एवं राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने पर उनके सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के कार्यों को नमन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने नई दिल्ली से आयोजित विशेष कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी देखा। उन्होंने कहा कि उत्तरकाशी का ऐतिहासिक रामलीला मैदान प्रदेश की सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होना देश के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। सेवा ज्योति यात्रा जनसेवा, राष्ट्रभाव और जनकल्याण के महासंगम का प्रतीक है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने पिछले ढाई दशक में सेवा को अपने जीवन का मिशन बनाया है। आज केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं सीधे जरूरतमंदों तक पहुंच रही हैं। जनधन योजना, जल जीवन मिशन, आयुष्मान भारत और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी योजनाओं ने आम लोगों के जीवन में बदलाव लाया है। सरकार का प्रयास है कि लोगों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, बल्कि शासन की सुविधाएं और योजनाएं उनके घर तक पहुंचें।


उत्तराखंड के विकास को लेकर गिनाईं उपलब्धियां

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केदारनाथ की भूमि से 21वीं सदी के तीसरे दशक को उत्तराखंड का दशक बनाने का आह्वान किया था। राज्य सरकार इसी विजन को धरातल पर उतारने के लिए काम कर रही है। पहाड़ों में रेल कनेक्टिविटी, उद्योग, रोजगार, पर्यटन और पलायन रोकने की दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि राज्य की अर्थव्यवस्था में डेढ़ गुना से अधिक वृद्धि हुई है और प्रति व्यक्ति आय में 41 प्रतिशत से अधिक की बढ़ोतरी हुई है। प्रदेश में 20 हजार से अधिक नए उद्योग स्थापित हुए हैं। होटल की संख्या में 25 प्रतिशत और होमस्टे की संख्या में 50 प्रतिशत से अधिक वृद्धि हुई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में तीन लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। स्थानीय उत्पादों की मांग उत्तराखंड के साथ देशभर में बढ़ रही है। एसडीजी इंडेक्स में उत्तराखंड ने देश में प्रथम स्थान हासिल किया है, जबकि लगातार चार वर्षों से राज्य को मोस्ट फिल्म फ्रेंडली स्टेट का पुरस्कार मिल रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड का पूर्ण साक्षर राज्य बनना भी बड़ी उपलब्धि है।


चारधाम यात्रा ने तोड़े पिछले रिकॉर्ड
मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सरल और सुव्यवस्थित बनाने के प्रयासों के परिणाम सामने आ रहे हैं। इस वर्ष अब तक 56 लाख से अधिक श्रद्धालु चारधाम यात्रा पर पहुंच चुके हैं, जिससे पिछले रिकॉर्ड भी टूट गए हैं।
उत्तरकाशी के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जिले में 200 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 50 योजनाओं का शिलान्यास किया गया है। इनमें 26 योजनाएं पूरी हो चुकी हैं, जबकि 24 योजनाओं पर कार्य जारी है। उन्होंने कहा कि विकास की यह गति आगे भी जारी रहेगी।

सख्त कानूनों और रोजगार का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड देश का पहला राज्य है, जहां समान नागरिक संहिता लागू की गई। इसके अलावा धर्मांतरण कानून, दंगा रोधी कानून और भू-कानून समेत कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं के सुरक्षित भविष्य के लिए देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया, जिसके परिणामस्वरूप पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी एवं योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरी मिली है। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प सभा केवल प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के जनसेवा काल को नमन करने का अवसर नहीं है, बल्कि विकसित भारत-2047 के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लेने का भी अवसर है।

घोषणा कर मुख्यमंत्री ने उत्तरकाशी को दी सौगात 
विश्वनाथ-शक्ति माता कॉरिडोर बनेगा
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तरकाशी में भविष्य में श्री काशी विश्वनाथ-शक्ति माता कॉरिडोर विकसित किए जाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र धार्मिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है और देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं। कॉरिडोर बनने से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ धार्मिक पर्यटन और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

धौंतरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के उच्चीकरण का परीक्षण
गाजणा क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र धौंतरी के उच्चीकरण की मांग पर मुख्यमंत्री ने परीक्षण कराने की बात कही।
धौंतरी स्वास्थ्य केंद्र का नामकरण
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि धौंतरी गाजणा के स्वास्थ्य केंद्र का नाम पूर्व विधायक स्वर्गीय गोपाल सिंह रावत के नाम पर किया जाएगा।
भटवाड़ी में केंद्रीय विद्यालय के लिए प्रयास
भटवाड़ी में केंद्रीय विद्यालय की मांग को लेकर भारत सरकार को पत्र भेजे जाने की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इसकी स्वीकृति के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएंगे।
डोडीताल और बुग्यालों के विकास पर जोर
मुख्यमंत्री ने डोडीताल, अवाना बुग्याल और हरिमहाराज सौड़ बुग्याल सहित प्रमुख पर्यटन स्थलों को मानचित्र पर निर्धारित करने तथा इनके सौंदर्यीकरण के कार्यों को आगे बढ़ाने की बात कही।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान, पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल, दर्जाधारी राज्य मंत्री प्रताप सिंह पंवार, राम सुंदर नौटियाल, जगत सिंह चौहान, श्याम डोभाल, जनानंद नौटियाल, पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण, केदार सिंह रावत, सूरत राम नौटियाल, मालचंद, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान, गढ़वाल समन्वयक किशोर भट्ट, शारदा राणा, भाजपा जिलाध्यक्ष नागेंद्र चौहान, नवीन ठाकुर, विनोद रतूड़ी, ब्लॉक प्रमुख ममता पंवार, राजदीप परमार, रणवीर सिंह महंत, ललित सेमवाल, सत्येंद्र राणा, शैलेंद्र कोहली, महावीर नेगी, परशुराम जगूड़ी, चंडी प्रसाद भट्ट सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button