विश्वनाथ शक्ति कॉरिडोर की घोषणा से उत्तरकाशी में खुशी की लहर, समिति ने मुख्यमंत्री धामी का जताया आभार

देहरादून। उत्तरकाशी में लंबे समय से प्रस्तावित श्री विश्वनाथ शक्ति कॉरिडोर के निर्माण की मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा की गई घोषणा का श्री दत्तात्रेय मंदिर एवं श्री विश्वनाथ कॉरिडोर समिति ने स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री समेत जनप्रतिनिधियों का आभार जताया है। मुख्यमंत्री धामी ने बुधवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत ऐतिहासिक रामलीला मैदान में आयोजित कार्यक्रम में विश्वनाथ-शक्ति मंदिर कॉरिडोर बनाने की घोषणा की।
समिति के अध्यक्ष एवं काशी विश्वनाथ मंदिर के महंत अजय पुरी ने कहा कि श्री विश्वनाथ कॉरिडोर की मांग को लेकर पिछले वर्ष से लगातार प्रयास किए जा रहे थे। इस संबंध में जिलाधिकारी उत्तरकाशी प्रशांत आर्य और जिला पर्यटन अधिकारी से मुलाकात कर मांग पत्र सौंपा गया था। जिलाधिकारी की सकारात्मक पहल के बाद इस प्रस्ताव को शासन स्तर तक भेजा गया।
समिति की ओर से उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री एवं उत्तरकाशी के प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा से भी मुलाकात कर कॉरिडोर निर्माण की मांग रखी गई थी। इसके अलावा पिछले माह उत्तरकाशी पहुंचे मुख्य सचिव आनंद वर्धन तथा अपर सचिव पर्यटन एवं उत्तरकाशी निवासी नरेंद्र सिंह भंडारी को भी समिति की ओर से मांग पत्र सौंपकर प्रस्ताव पर विस्तार से चर्चा की गई।
मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद मंच से हुई घोषणा
समिति के पदाधिकारियों ने बुधवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के उत्तरकाशी पहुंचने पर उनसे मुलाकात की और श्री विश्वनाथ कॉरिडोर के संबंध में मांग पत्र सौंपा। मुख्यमंत्री ने इस मांग का संज्ञान लेते हुए सेवा संकल्प सभा में मंच से विश्वनाथ-शक्ति मंदिर कॉरिडोर के निर्माण की घोषणा की। घोषणा के बाद समिति के पदाधिकारियों और स्थानीय लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई। समिति ने मुख्यमंत्री की घोषणा को उत्तरकाशी की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
पौराणिक स्वरूप के साथ आधुनिक सुविधाओं का होगा समन्वय
समिति ने कहा कि स्कंद पुराण और केदारखंड में सौम्यकाशी उत्तरकाशी तथा यहां स्थित प्रमुख धार्मिक स्थलों का उल्लेख मिलता है। ऐसे में विश्वनाथ कॉरिडोर के निर्माण से उत्तरकाशी की पौराणिक एवं धार्मिक पहचान को नई मजबूती मिलने के साथ श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित होने की उम्मीद है।
समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि कॉरिडोर बनने से उत्तरकाशी में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार तथा स्वरोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। इससे नगर को उसकी पौराणिक महत्ता के अनुरूप विकसित करने में मदद मिलेगी।
समिति ने इनका जताया आभार
श्री दत्तात्रेय मंदिर एवं श्री विश्वनाथ कॉरिडोर समिति ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष नागेंद्र चौहान, मुख्यमंत्री के गढ़वाल समन्वयक किशोर भट्ट, राज्य मंत्री प्रताप सिंह पंवार, उत्तराखंड राज्य चिकित्सा परिषद के अध्यक्ष डॉ. जनानंद नौटियाल तथा उत्तरकाशी के सभी जनप्रतिनिधियों का विशेष रूप से आभार जताया। समिति ने कहा कि कॉरिडोर की मांग को शासन और सरकार के समक्ष लगातार रखने में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रयासों से यह महत्वपूर्ण घोषणा संभव हुई है।
इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष एवं काशी विश्वनाथ मंदिर के महंत अजय पुरी, कोषाध्यक्ष एवं श्री परशुराम मंदिर के पुजारी शैलेंद्र नौटियाल, गंगोत्री रावल पं. अशोक सेमवाल, सचिव जगमोहन चौहान, सह कोषाध्यक्ष रमेश पंवार तथा सदस्य केदार सिंह चौहान उपस्थित रहे।
समिति ने कहा कि मुख्यमंत्री की घोषणा के लिए उत्तरकाशी की जनता और श्री दत्तात्रेय मंदिर एवं श्री विश्वनाथ कॉरिडोर समिति उनके प्रति हृदय से आभार व्यक्त करती है।