Uttarakhandउत्तराखंडएमडीडीए

देहरादून महायोजना-2041: दूसरे दिन भी उमड़ा जनसैलाब, सेक्टर-02 के लोगों ने दिए अहम सुझाव

देहरादून। देहरादून महायोजना-2041 को अधिक व्यावहारिक और जनहितैषी बनाने के उद्देश्य से मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) की जनसुनवाई प्रक्रिया दूसरे दिन भी जारी रही। मंगलवार को सेक्टर-02 के लिए ग्राफिक एरा यूनिवर्सिटी परिसर में आयोजित जनसुनवाई कैंप में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, भू-स्वामी और अन्य हितधारक पहुंचे। लोगों ने महायोजना के विभिन्न प्रावधानों पर अपनी आपत्तियां दर्ज कराने के साथ ही कई महत्वपूर्ण सुझाव भी अधिकारियों के समक्ष रखे।

जनसुनवाई के दौरान नागरिकों ने भू-उपयोग, सड़क नेटवर्क, आवासीय एवं व्यावसायिक गतिविधियों, सार्वजनिक सुविधाओं और भविष्य की विकास आवश्यकताओं से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से अपनी बात रखी। एमडीडीए अधिकारियों ने सभी आपत्तियों और सुझावों का अभिलेखीकरण करते हुए भरोसा दिलाया कि प्रत्येक प्रकरण का तकनीकी एवं विधिक परीक्षण कर व्यवहारिक सुझावों को महायोजना में शामिल करने पर विचार किया जाएगा। एमडीडीए का कहना है कि महायोजना-2041 को केवल दस्तावेज तक सीमित न रखकर जमीनी जरूरतों के अनुरूप तैयार किया जा रहा है। इसी उद्देश्य से अलग-अलग सेक्टरों में जाकर नागरिकों से सीधा संवाद स्थापित किया जा रहा है, ताकि तेजी से बढ़ती आबादी, यातायात, बदलते भू-उपयोग और पर्यावरणीय चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए भविष्य की विकास योजना तैयार की जा सके। प्राधिकरण के अनुसार 6 से 21 जुलाई तक प्राधिकरण क्षेत्र के 12 सेक्टरों में जनसुनवाई आयोजित की जा रही है। बुधवार को सेक्टर-03 के नागरिकों के लिए दून यूनिवर्सिटी परिसर में जनसुनवाई कैंप लगाया जाएगा, जिसमें स्थानीय लोग अपनी आपत्तियां और सुझाव प्रस्तुत कर सकेंगे।
एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि देहरादून महायोजना-2041 राजधानी के भविष्य के विकास की दिशा तय करने वाला महत्वपूर्ण दस्तावेज है। इसलिए प्रत्येक क्षेत्र की आवश्यकताओं और चुनौतियों को समझने के लिए नागरिकों की भागीदारी बेहद जरूरी है। वहीं, सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि जनसुनवाई प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी ढंग से संचालित की जा रही है तथा प्राप्त प्रत्येक सुझाव और आपत्ति का नियमानुसार परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button