Uttarakhandउत्तराखंडचिंताजनकदावासीबीआई की कार्रवाई

सीबीआई का बड़ा एक्शन: BRO फंड गबन मामले में 11 राज्यों के 26 ठिकानों पर छापेमारी, उत्तराखंड भी शामिल

देहरादू। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने सीमा सड़क संगठन (BRO) में सरकारी धन के कथित गबन और अनियमितताओं के मामले में सोमवार को देशभर के 11 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों में 26 स्थानों पर एक साथ छापेमारी की। इस कार्रवाई में उत्तराखंड भी शामिल है।

सीबीआई के अनुसार यह कार्रवाई जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, दिल्ली, हरियाणा, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र, असम, अरुणाचल प्रदेश और नागालैंड में की गई।
जांच एजेंसी ने बताया कि यह मामला लद्दाख केंद्र शासित प्रदेश के प्रोजेक्ट विजयक और प्रोजेक्ट वोजक (Vojak) में कैजुअल मजदूरों की तैनाती और उनके नाम पर किए गए भुगतान में गंभीर अनियमितताओं से जुड़ा है। आरोप है कि फर्जी कैजुअल मजदूरों के नाम पर सरकारी धन का दुरुपयोग किया गया।
इस संबंध में रक्षा मंत्रालय की शिकायतों के आधार पर, BRO के टेक्निकल बोर्ड ऑफ ऑफिसर्स की आंतरिक जांच के बाद चार एफआईआर दर्ज की गई हैं।
सीबीआई के मुताबिक इन मामलों में भारतीय दंड संहिता (IPC) की विभिन्न धाराओं के तहत सरकारी धन का गबन, धोखाधड़ी, जालसाजी, आपराधिक विश्वासघात और आपराधिक साजिश के आरोप शामिल हैं। इसके अलावा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 के तहत भी मामले दर्ज किए गए हैं।
एफआईआर में BRO के 10 अधिकारियों, जिनमें लेफ्टिनेंट कर्नल, मेजर और इंजीनियर रैंक के अधिकारी शामिल हैं, के साथ कुछ निजी व्यक्तियों को भी नामजद किया गया है।
छापेमारी के दौरान सीबीआई ने कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य बरामद किए हैं। एजेंसी का कहना है कि मामले की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ जल्द से जल्द व्यापक कार्रवाई की जाएगी।
सीबीआई ने स्पष्ट किया है कि इस मामले की निष्पक्ष और व्यापक जांच कर सरकारी धन के दुरुपयोग में शामिल सभी जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button