चढ़ावा चोरी में बीकेटीसी की बड़ी कार्रवाई, अध्यक्ष के व्यक्तिगत सहायक प्रमोद नौटियाल निलंबित

देहरादून। श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) ने प्रशासनिक अनुशासन और पारदर्शिता बनाए रखने के उद्देश्य से अध्यक्ष कार्यालय में तैनात व्यक्तिगत सहायक प्रमोद नौटियाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई उनके विरुद्ध पदीय दायित्वों के निर्वहन में प्रथम दृष्टया गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आने के बाद की गई है।
बीकेटीसी द्वारा जारी आदेश के अनुसार, 3 जुलाई 2026 को प्रमोद नौटियाल को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। साथ ही मामले की निष्पक्ष एवं विस्तृत जांच के लिए चार सदस्यीय जांच समिति का गठन किया गया था।
समिति ने कर्मचारी से प्राप्त स्पष्टीकरण और जांच समिति की प्रारंभिक रिपोर्ट का परीक्षण किया, जिसमें लगाए गए आरोप प्रथम दृष्टया पुष्ट पाए गए। जांच समिति ने अपनी रिपोर्ट में संबंधित कर्मचारी के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की संस्तुति करते हुए यह भी कहा कि उन्हें वर्तमान पद पर बनाए रखने से जांच प्रभावित होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। इन्हीं तथ्यों के आधार पर बीकेटीसी प्रशासन ने प्रमोद नौटियाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि के दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन-निर्वाह भत्ता मिलेगा तथा उन्हें बीकेटीसी कार्यालय, जोशीमठ (चमोली) से संबद्ध किया गया है। इस दौरान सक्षम अधिकारी की पूर्व अनुमति के बिना मुख्यालय छोड़ने की अनुमति नहीं होगी और उन्हें जांच प्रक्रिया में पूरा सहयोग करना होगा। बीकेटीसी ने स्पष्ट किया है कि समिति प्रशासन में पारदर्शिता, जवाबदेही और अनुशासन सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
