Uttarakhandअपराधउत्तराखंडचिंताजनक

वीडियो…..दक्षिण अफ्रीका में सत्ता चलाने वाले गुप्ता बंधु दून में बिल्डर के सुसाइड में गिरफ्तार

देहरादून। दक्षिण अफ्रीका में पूर्व राष्ट्रपति जैकब जुमा के करीबी और सत्ता चलाने वाले गुप्ता बंधु दून में गिरफ्तार हो गए हैं। पुलिस ने गुप्ता बंधुओं को नामी बिल्डर सत्येंद्र साहनी के 8वें माले से कूदकर जान देने के आरोप में गिरफ्तार किया है। इस मामले में मृतक साहनी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नाम लम्बा चौड़ा सुसाइड नोट छोड़कर न्याय दिलाने का अनुरोध किया है। सुसाइड नोट और पुख्ता प्रमाण मिलने पर पुलिस ने गुप्ता बंधुओं को गिरफ्तार कर लिया है। इधर, सुसाइड नोट में साहनी ने कुछ बड़े लोगों के नाम का जिक्र किया है, इससे बिल्डरों से लेकर अफसरों तक हड़कंप मचा है।

 

एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि राजपुर क्षेत्र में एक बिल्डर द्वारा आत्महत्या के मामले में मृतक के पुत्र की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह 11ः30 पर थाना राजपुर को कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि पेसेफिक गोल्फ स्टेट की बिल्डिंग के पास एक व्यक्ति घायल अवस्था में बेहोशी की हालत में पडा है। उक्त सूचना पर थानाध्यक्ष राजपुर, चौकी प्रभारी आईटी पार्क मय पुलिस बल के घटना स्थल पर पहुंचे। मौके पर जानकारी करने पर उक्त व्यक्ति की पहचान सतेन्द्र सिंह साहनी निवासी 119 डी रेसकोर्स देहरादून, जो बिल्डर का कार्य करते हैं, के रूप में हुई। जिनके द्वारा गोल्फ स्टेट बिल्डिंग के आठवें माले से कूदकर आत्महत्या का प्रयास किया गया था। यहां से उनके पुत्र द्वारा उपचार के लिये मैक्स हास्पिटल ले जाया गया था। जहां उपचार के दौरान डाक्टरों द्वारा उक्त व्यक्ति को मृत घोषित किया गया। घटना के सम्बन्ध में मृतक के पुत्र रणवीर सिंह साहनी द्वारा थाना राजपुर पर लिखित तहरीर व मृतक द्वारा लिखा गया सुसाईड नोट दिया गया, जिसमें उसके द्वारा अजय कुमार गुप्ता पुत्र शिव गुप्ता व अनिल कुमार गुप्ता पुत्र श्याम लाल गुप्ता के द्वारा उनके पिता सतेन्द्र सिंह साहनी को डराने, धमकाने व ब्लैक मेल करने के तथ्य अंकित किये गए, साथ ही इस सम्बन्ध में उनके पिता द्वारा एक शिकायती प्रार्थना पत्र पुलिस को दिये जाने की बात बताई गई, जिस पर वर्तमान में पुलिस अधीक्षक नगर द्वारा जांच की जा रही है। इसके अतिरिक्त अजय कुमार गुप्ता व अनिल कुमार गुप्ता द्वारा उनके पिता के विरूद्ध झूठी शिकायत सहारनपुर पुलिस को देकर उनकी दोनो कम्पनियां उनके नाम पर करने अन्यथा उन्हें व उनके दामाद को झूठे केस में जेल भेजने की लगातार धमकी देते हुए आत्महत्या करने के लिये उत्प्रेरित किया जा रहा था। उक्त प्रार्थना पत्र व सुसाईड नोट के आधार पर तत्काल थाना राजपुर पर मु0अ0सं0: 119/24 धारा: 306 भादवि बनाम अनिल कुमार गुप्ता व अजय कुमार गुप्ता पंजीकृत किया गया। उक्त अभियोग की विवेचना में साक्ष्य संकलन व बयानों के आधार पर अभियुक्त अनिल कुमार गुप्ता व अजय कुमार गुप्ता को अन्तर्गत धारा: 306 भादवि में गिरफ्तार किया गया।

विवरण गिरफ्तार अभियुक्त:

अनिल कुमार गुप्ता पुत्र स्व0 श्याम लाल गुप्ता निवासी: 07 कर्जन रोड, थाना डालनवाला, देहरादून, उम्र 51 वर्ष,  अजय कुमार गुप्ता पुत्र शिवकुमार गुप्ता निवासी उपरोक्त मूल पता: 69 मिशन कम्पाउण्ड थाना सदर बाजार, सहारनपुर, उत्तर प्रदेश, उम्र- 58 वर्ष।

 

दून में इन प्रोजेक्ट पर किया साहनी ने काम

सुसाइड करने वाले बिल्डर दून के नामी बिल्डरों में शामिल था। उनके द्वारा हरिद्वार रोड पर 1 जून को शहर होने वाले सबसे बड़े मॉल ऑफ देहरादून जैसे प्रोजेक्ट को बनाया है। इसके अलावा जौलीग्रांट एयरपोर्ट रोड पर बड़े होटल ग्रुप की जमीन खरीदी है।इसके अलावा राजपुर रोड, सहस्रधारा रोड में कई बड़े प्रोजेक्ट पर काम किया और कर रहे थे।

दक्षिण अफ्रीका में जैकब के करीबी थे गुप्ता बंधु

मूल रूप से सहारनपुर निवासी गुप्ता बंधु कभी दिल्ली में मसालों के कारोबारी रहे हैं। दक्षिण अफ्रीका में जाने पर उन्होंने जैकब जुमा की सरकार में पैठ बनाई और कई सालों तक सत्तासीन रहे। यहीं से गुप्ता बंधुओं की न केवल भारत बल्कि दुनिया मे पहचान हो गई थी। हालांकि बाद में जुमा सरकार से अनबन होने पर उनको दक्षिण अफ्रीका में भगोड़ा तक घोषित किया गया। इसके अलावा गुप्ता बंधु 2022 में सोना कारोबारी से हुए विवाद में दुबई से गिरफ्तार हुए थे। लेकिन भारत आने पर वह दून स्थित डालनवाला रहने लगे थे। यहीं से उनकी साहनी बिल्डर से मुलाकात हुई थी।

औली बुग्याल में बेटे की शादी से रहे चर्चाओं में

उत्तराखंड में भी गुप्ता बंधुओं का विवादों से पुराना नाता है। यहां विश्व प्रसिद्ध स्कीइंग स्थल औली में गुप्ता बंधुओं ने अपने बेटे की शाही अंदाज में शादी कराई है। प्रतिबंधित बुग्याल में न केवल टैंट लगवाए गए। वहीं कई हेलीकॉप्टर भी उतरे गए थे। इस शादी को लेकर राज्य में कई दिनों तक बवाल होता रहा। इस शादी के आयोजन कराने में तत्कालीन सरकार पर भी लोगों ने गंभीर सवाल उठाए थे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button