छात्रसंघ चुनाव में जीत पर दी बधाई, बोले- बदलते दौर के साथ खुद को अपडेट रखें युवा

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से सोमवार को मुख्यमंत्री आवास में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने छात्रसंघ चुनाव में जीत दर्ज करने वाले पदाधिकारियों को बधाई देते हुए उनके नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छात्र जीवन में मिलने वाला दायित्व युवाओं की नेतृत्व क्षमता और व्यक्तित्व विकास को मजबूत करने का अवसर होता है। उन्होंने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों से छात्र-छात्राओं की समस्याओं और अपेक्षाओं को समझते हुए उनके हितों के लिए सक्रियता से काम करने को कहा। धामी ने कहा कि एबीवीपी लंबे समय से छात्रहितों के साथ सामाजिक और राष्ट्रहित के मुद्दों पर भी काम कर रही है। संगठन युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, जिम्मेदारी और सामाजिक सरोकार की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि किसी भी संगठन की ताकत उसके कार्यकर्ताओं की सक्रियता, समर्पण और अनुशासन से तय होती है।
एआई और तकनीक के दौर में ‘फ्यूचर रेडी’ बनें युवा
मुख्यमंत्री ने युवाओं को बदलती तकनीक और रोजगार की नई संभावनाओं के अनुरूप खुद को तैयार करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल तकनीक और वैश्विक स्तर पर हो रहे बदलावों के बीच युवाओं को लगातार अपने ज्ञान और कौशल को अपडेट करना होगा। उन्होंने कहा कि युवाओं को केवल अपनी पढ़ाई तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि देश-दुनिया में हो रहे बदलावों और रोजगार के नए अवसरों की जानकारी भी रखनी चाहिए। बदलते समय के साथ सीखने और अपनी क्षमताओं को विकसित करने वाला युवा ही भविष्य की चुनौतियों का बेहतर ढंग से सामना कर सकेगा।
धामी ने कहा कि छात्र जीवन पढ़ाई के साथ-साथ नेतृत्व, संवाद, निर्णय क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारी सीखने का भी समय है। उन्होंने युवाओं से व्यक्तिगत विकास के साथ संगठन और समाज के सशक्तिकरण में भी योगदान देने का आह्वान किया। मुलाकात के दौरान एबीवीपी पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री का आभार जताया और छात्रहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों तथा संगठन की आगामी गतिविधियों को लेकर चर्चा की।