उत्तराखंड में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, आनंद स्वरूप बने गढ़वाल मंडलायुक्त, आशीष चौहान को मिली देहरादून डीएम की जिम्मेदारी

देहरादून।उत्तराखंड शासन ने शनिवार को बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल करते हुए कई आईएएस, पीसीएस और सचिवालय सेवा अधिकारियों के दायित्वों में बदलाव किया है। शासन द्वारा जारी आदेशों के तहत गढ़वाल मंडलायुक्त विनय शंकर पांडे की जगह अब आनंद स्वरूप को नया मंडलायुक्त बनाया गया है। वहीं विनय शंकर पांडे को स्वास्थ्य और नागरिक उड्डयन विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जबकि आईएएस डॉ आशीष चौहान को डीएम देहरादून की जिम्मेदारी सौंपी है।
सचिव स्वास्थ्य रहे आईएएस सचिन कुर्वे के केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाने के बाद यह बदलाव किया गया है। सचिन कुर्वे को चेन्नई पोर्ट अथॉरिटी में चेयरपर्सन नियुक्त किया गया है। देहरादून के जिलाधिकारी सविन बंसल को अब सचिव नियोजन बनाया गया है। उनकी जगह नागरिक उड्डयन विभाग से आईएएस आशीष चौहान को देहरादून का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है।बागेश्वर की जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे को महानिदेशक विद्यालयी शिक्षा की जिम्मेदारी दी गई है। शासन में अपर सचिव रहीं अपूर्वा पांडे को नया जिलाधिकारी बागेश्वर बनाया गया है।
सरकार ने सचिव पशुपालन डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम को उच्च शिक्षा विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा है। वहीं सचिव रंजीत कुमार सिन्हा से उच्च शिक्षा विभाग वापस लेकर उन्हें केवल तकनीकी शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। आईएएस सोनिका से आयुक्त कर और महानिरीक्षक निबंधन का प्रभार वापस लिया गया है, जबकि उनके पास मेला अधिकारी समेत अन्य विभाग यथावत रहेंगे। आईएएस प्रतीक जैन को एमडी जीएमवीएन के पद से हटाकर आयुक्त कर एवं महानिरीक्षक निबंधन बनाया गया है।
आईएएस मनुज गोयल से मिशन निदेशक एनएचएम का प्रभार हटाया गया है। हालांकि वे अपर सचिव तकनीकी शिक्षा और उच्च शिक्षा का कार्य देखते रहेंगे। अब आईएएस संदीप तिवारी को मिशन निदेशक एनएचएम की जिम्मेदारी सौंपी गई है। आईएएस संजय कुमार को कौशल विकास के साथ निदेशक समाज कल्याण का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। आईएएस अभिषेक रुहेला को पर्यटन विभाग के साथ मुख्य कार्यकारी अधिकारी पीएमजीएसवाई की जिम्मेदारी भी दी गई है।
आईएएस सौरभ गहरवार को अपर सचिव आपदा प्रबंधन बनाया गया है। अपर सचिव आईटी आलोक कुमार पांडे को नगर आयुक्त नगर निगम की जिम्मेदारी दी गई है। नगर आयुक्त नमामि बंसल को अब अपर सचिव विद्यालयी शिक्षा बनाया गया है। आईएएस दीप्ति सिंह से विद्यालयी शिक्षा विभाग हटाकर उन्हें निदेशक अल्पसंख्यक कल्याण, एमडी अल्पसंख्यक कल्याण कल्याण निगम तथा निदेशक खेल की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं आईएएस प्रवीन कुमार से अपर नगर आयुक्त देहरादून का अतिरिक्त प्रभार वापस लिया गया है। वे अपर निदेशक शहरी विकास बने रहेंगे।
पीसीएस और सचिवालय सेवा अधिकारियों के भी तबादले
सरकार ने आठ पीसीएस और दो सचिवालय सेवा अधिकारियों के दायित्वों में भी बदलाव किया है। पीसीएस गिरधारी सिंह रावत को कार्मिक विभाग के साथ अपर सचिव आईटी का प्रभार दिया गया है। पीसीएस इलागिरी को निदेशक दुग्ध विकास और निदेशक महिला डेयरी बनाया गया है।
पीसीएस सुंदरलाल सेमवालनिदेशक उद्यान का प्रभार हटाकर उन्हें अपर सचिव सचिवालय प्रशासन बनाया गया है। सचिवालय सेवा के महावीर चौर को अपर सचिव लोक निर्माण विभाग का अतिरिक्त दायित्व सौंपा गया है। वहीं सुनील सिंह को गृह विभाग में अपर सचिव बनाया गया है।
पीसीएस फिंचाराम को एडीएम हरिद्वार से हटाकर एडीएम पौड़ी भेजा गया है। अनिल गर्ब्याल को एडीएम पौड़ी से परिवहन निगम का एमडी बनाया गया है। जितेंद्र कुमार को एसडीएम हरिद्वार से एडीएम हरिद्वार, योगेश मेहरा को एसडीएम देहरादून से एसडीएम हरिद्वार तथा प्रमोद कुमार को एसडीएम नैनीताल से एसडीएम चंपावत भेजा गया है।
