Uttarakhandउत्तराखंडजिम्मेदारीदावापुलिस

कांवड़ मेले में एटीएस, एसटीएफ, बीडीएस और एसडीआरएफ रहेंगी हर समय तैनात, साइबर कमांडो सोशल मीडिया पर रखेंगे पैनी नजर

देहरादून। श्रावण कांवड़ मेला-2026 को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित बनाने के लिए उत्तराखंड पुलिस ने व्यापक सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन की तैयारियां पूरी कर ली हैं। पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) दीपम सेठ ने बुधवार को पुलिस मुख्यालय में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में स्पष्ट किया कि कांवड़ मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड पुलिस पूरी सतर्कता, समर्पण और सेवा भावना के साथ कार्य कर रही है तथा इस बार कांवड़ मेला अभेद्य सुरक्षा घेरे में आयोजित किया जाएगा।

बैठक में पुलिस मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों के अलावा देहरादून, हरिद्वार, टिहरी, पौड़ी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, जीआरपी तथा एसडीआरएफ के अधिकारियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हिस्सा लिया। बैठक में सुरक्षा, यातायात, भीड़ नियंत्रण, साइबर निगरानी और अंतरराज्यीय समन्वय की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई।
डीजीपी ने निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा मार्गों पर संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल, रिजर्व फोर्स तथा महिला पुलिस कर्मियों की पर्याप्त तैनाती सुनिश्चित की जाए। सुरक्षा की दृष्टि से एंटी टेररिस्ट स्क्वाड (एटीएस), बम निरोधक दस्ता (बीडीएस), स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ), अभिसूचना इकाइयों और रैपिड रिस्पॉन्स टीमों को प्रमुख स्थलों पर 24 घंटे सक्रिय रखा जाएगा। वहीं सभी प्रमुख स्नान घाटों पर एसडीआरएफ और प्रशिक्षित गोताखोरों की तैनाती रहेगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य किया जा सके।

यातायात व्यवस्था होगी पूरी तरह सुनियोजित
डीजीपी ने कांवड़ मार्ग, राष्ट्रीय राजमार्ग, वैकल्पिक मार्गों, पार्किंग स्थलों, होल्डिंग एरिया और डायवर्जन को लेकर विस्तृत ट्रैफिक प्लान तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यातायात योजना का व्यापक प्रचार उत्तराखंड के साथ-साथ उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली और अन्य सीमावर्ती राज्यों में फ्लैक्स, होर्डिंग, डिजिटल प्लेटफॉर्म और सोशल मीडिया के माध्यम से किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को पहले से ही ट्रैफिक व्यवस्था की जानकारी मिल सके। साथ ही किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए कंटिजेंसी प्लान भी तैयार रखा जाएगा।

रेलवे स्टेशनों पर भी रहेगी विशेष निगरानी
रेलवे क्षेत्र में कांवड़ मेले के दौरान भीड़ प्रबंधन के लिए पूरे क्षेत्र को सुपर जोन, जोन और सेक्टरों में विभाजित किया जाएगा। रेलवे स्टेशन, प्लेटफॉर्म, फुटओवर ब्रिज, प्रतीक्षालय और ट्रेनों में श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुचारु आवागमन सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा।

ड्रोन, सीसीटीवी और साइबर कमांडो करेंगे निगरानी
डीजीपी ने सभी प्रमुख धार्मिक स्थलों, घाटों, कांवड़ मार्गों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में ड्रोन एवं सीसीटीवी कैमरों से चौबीसों घंटे निगरानी के निर्देश दिए। पार्किंग और सार्वजनिक स्थलों का फायर सेफ्टी ऑडिट कर अग्निशमन संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को भी कहा गया।
सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं पर रोक लगाने के लिए हरिद्वार में साइबर कमांडो की विशेष टीम तैनात की जाएगी, जो सोशल मीडिया और साइबर स्पेस पर 24×7 निगरानी रखेगी। किसी भी आपत्तिजनक या भ्रामक सामग्री पर तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सुरक्षा मानकों का होगा सख्ती से पालन
डीजीपी ने निर्देश दिए कि कांवड़ के निर्धारित आकार, रेल की छतों पर यात्रा पर प्रतिबंध तथा डीजे और लाउडस्पीकरों के उपयोग में उच्चतम न्यायालय द्वारा निर्धारित ध्वनि मानकों का सख्ती से पालन कराया जाए। राज्य की सीमाओं और यात्रा मार्गों पर नियमित चेकिंग अभियान चलाया जाएगा।

सीमावर्ती राज्यों से रहेगा लगातार समन्वय
कांवड़ यात्रा को सुचारु बनाने के लिए उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली सहित अन्य सीमावर्ती राज्यों की पुलिस के साथ नियमित समन्वय बैठकें आयोजित की जाएंगी तथा खुफिया सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही यात्रा से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण जानकारियां सोशल मीडिया के माध्यम से लगातार साझा की जाएंगी।

ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान
डीजीपी ने कहा कि कांवड़ मेले में तैनात पुलिस कर्मियों के लिए आवास, भोजन, पेयजल, विश्राम और अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि वे पूरी क्षमता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सकें। बैठक में अपर पुलिस महानिदेशक वी. मुरूगेशन, ए.पी. अंशुमान, पुलिस महानिरीक्षक विम्मी सचदेवा, कृष्ण कुमार वी.के., नीलेश आनंद भरणे, सुनील कुमार मीणा, योगेन्द्र सिंह रावत, बरिन्दरजीत सिंह, डीआईजी धीरेन्द्र गुंज्याल, एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह, पुलिस अधीक्षक अभिसूचना मणीकांत मिश्रा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button