देहरादून में 9 जुलाई को सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र रहेंगे बंद, देखिये आदेश

देहरादून। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) द्वारा 9 जुलाई को देहरादून जनपद में भारी से बहुत भारी वर्षा, आकाशीय बिजली और अत्यंत तीव्र बारिश की चेतावनी जारी किए जाने के बाद जिला प्रशासन ने एहतियातन बड़ा फैसला लिया है। जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण आशीष चौहान के निर्देश पर जनपद के सभी सरकारी, गैर-सरकारी एवं निजी विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में 9 जुलाई (गुरुवार) को एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है।
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से जारी आदेश के अनुसार, भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून तथा नेशनल डिजास्टर अलर्ट पोर्टल द्वारा जारी ताजा मौसम पूर्वानुमान में 9 जुलाई को देहरादून में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा, आकाशीय बिजली चमकने तथा तेज से अत्यंत तेज वर्षा के दौर की संभावना व्यक्त की गई है। मौसम विभाग ने जनपद के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
प्रशासन ने संभावित प्राकृतिक आपदा और विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी शिक्षण संस्थानों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया है। आदेश के अनुसार, यह अवकाश सभी सरकारी, सहायता प्राप्त, गैर-सरकारी और निजी विद्यालयों पर समान रूप से लागू होगा। जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी, देहरादून तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि सभी विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में इस आदेश का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित कराया जाए। साथ ही संबंधित विभागों को मौसम की स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सतर्क रहने को कहा गया है।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें तथा प्रशासन और मौसम विभाग द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करें।
