Uttarakhandउत्तराखंडजागरूकतादावा

स्वच्छ ऊर्जा और सतत विकास में भारतीय मानकों की अहम भूमिका

देहरादून। भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस), देहरादून शाखा कार्यालय की ओर से बुधवार को विश्व मानक दिवस-2026 के अवसर पर मोहबेवाला स्थित होटल रीजेंटा में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस वर्ष कार्यक्रम की थीम ‘सतत विकास लक्ष्य-7 : सस्ती एवं स्वच्छ ऊर्जा’ रही। कार्यक्रम में स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने, ऊर्जा दक्षता बढ़ाने और सतत विकास के लक्ष्यों को प्राप्त करने में भारतीय मानकों की भूमिका पर विशेष जोर दिया गया। आयोजन में उद्योग जगत, औद्योगिक संगठनों, ज्वेलरी क्षेत्र तथा बीआईएस के लाइसेंसधारकों सहित 200 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।

कार्यक्रम में देहरादून के महापौर सौरभ थपलियाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की अपर सचिव रुचि मोहन रयाल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उद्योग विभाग के संयुक्त निदेशक अनुपम द्विवेदी सहित इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए), इंडस्ट्रीज एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड, पीएचडीसीसीआई और यूआईडब्ल्यूए के प्रतिनिधियों ने भी सहभागिता की। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सस्ती एवं स्वच्छ ऊर्जा को प्रोत्साहित करने के साथ ऊर्जा दक्षता और नवीकरणीय ऊर्जा प्रौद्योगिकियों के उपयोग के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। इस दौरान एक्साइड, माइक्रोटेक, नोवाट्योर और मोचिको के विशेषज्ञों ने स्वच्छ एवं किफायती ऊर्जा से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रस्तुतियां दीं। विशेषज्ञों ने आधुनिक ऊर्जा तकनीकों, ऊर्जा दक्षता तथा सतत विकास के लक्ष्यों को हासिल करने में गुणवत्ता और मानकीकरण के महत्व पर प्रकाश डाला।
गुणवत्ता के क्षेत्र में योगदान देने वालों को किया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न उद्योग संगठनों, ज्वेलरी एसोसिएशन, प्रमुख बीआईएस लाइसेंसधारकों और बीआईएस मेंटर्स को सम्मानित किया गया। इन्हें गुणवत्ता पारिस्थितिकी तंत्र के विकास, भारतीय मानकों के प्रचार-प्रसार और उद्योगों में गुणवत्ता संस्कृति को बढ़ावा देने में योगदान के लिए सम्मान प्रदान किया गया। इस पहल का उद्देश्य उद्योगों और अन्य हितधारकों को गुणवत्ता, उपभोक्ता सुरक्षा तथा मानकों के अनुपालन के प्रति प्रोत्साहित करना रहा।

  • अनुपालन प्रक्रियाओं को सरल बनाने पर जोर
    बीआईएस देहरादून शाखा कार्यालय के निदेशक एवं प्रमुख हेमंत आड़े ने भारतीय मानक ब्यूरो की ओर से किए जा रहे विभिन्न कार्यों और पहलों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उद्योगों के लिए अनुपालन प्रक्रियाओं को सरल बनाने, ईज ऑफ कम्प्लायंस को बढ़ावा देने और हॉलमार्किंग व्यवस्था में सुधार के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
    उन्होंने भारतीय मानकों के प्रभावी क्रियान्वयन, बीआईएस प्रमाणन और हॉलमार्किंग के माध्यम से उपभोक्ताओं के हितों की सुरक्षा तथा उद्योगों में गुणवत्ता के उच्च स्तर को सुनिश्चित करने के लिए ब्यूरो की भूमिका पर भी प्रकाश डाला। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि सस्ती एवं स्वच्छ ऊर्जा तक व्यापक पहुंच सुनिश्चित करने, ऊर्जा संरक्षण को बढ़ावा देने और पर्यावरण के अनुकूल प्रौद्योगिकियों के विकास के लिए गुणवत्ता मानकों का प्रभावी क्रियान्वयन आवश्यक है। इसके लिए उद्योग जगत, सरकारी विभागों, मानक विशेषज्ञों और उपभोक्ताओं के बीच समन्वय को महत्वपूर्ण बताया गया।
    विश्व मानक दिवस-2026 के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम ने गुणवत्ता, नवाचार, ऊर्जा दक्षता और सतत विकास के प्रति बीआईएस की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया। साथ ही, भारतीय मानकों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और उद्योग जगत के साथ सहयोग मजबूत करने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण पहल बताया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button