चारधाम यात्रा पर मौसम की मार, यात्रा स्थगित नहीं होगी 26-27 सितंबर को गढ़वाल में ऑरेंज-रेड अलर्ट

देहरादून। आगामी 26 एवं 27 सितंबर को गढ़वाल मंडल के विभिन्न क्षेत्रों में मौसम विभाग की ओर से ऑरेंज एवं रेड अलर्ट जारी किए जाने के मद्देनजर प्रशासन ने चारधाम यात्रा को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। वर्तमान में चारधाम यात्रा के द्वितीय चरण के तहत श्रद्धालु धामों की ओर रवाना हो रहे हैं। संभावित खराब मौसम को देखते हुए आयुक्त गढ़वाल मंडल आनंद स्वरूप ने मंडल के सभी जिलाधिकारियों से विचार-विमर्श कर यात्रा व्यवस्थाओं और सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की।
जिलाधिकारियों से प्राप्त फीडबैक और स्थानीय परिस्थितियों के आकलन के बाद फिलहाल चारधाम यात्रा को स्थगित नहीं करने का निर्णय लिया गया है। हालांकि, भारी वर्षा अथवा प्रतिकूल मौसम की स्थिति में यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उन्हें परिस्थितियों के अनुसार निकटतम होल्डिंग एरिया में रोका जाएगा। आयुक्त गढ़वाल ने कहा कि चारधाम यात्रा मार्गों पर मौसम और सड़क की स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है। संबंधित जिलों के प्रशासन, पुलिस तथा अन्य विभागों को यात्रियों की सुरक्षा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के साथ ही मौसम की स्थिति के अनुसार तत्काल निर्णय लेने के लिए प्रशासन को तैयार रहने को कहा गया है। उन्होंने कहा कि मौसम की चुनौती के बीच यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संचालित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। किसी भी मार्ग पर अत्यधिक बारिश, भूस्खलन अथवा सड़क की स्थिति खराब होने पर यात्रियों की आवाजाही को परिस्थितियों के अनुसार नियंत्रित किया जाएगा।
आयुक्त आनंद स्वरूप ने चारधाम यात्रियों से अपील की है कि वे मौसम विभाग के पूर्वानुमान और स्थानीय प्रशासन की एडवाइजरी को ध्यान में रखते हुए ही यात्रा करें। भारी वर्षा या अन्य प्रतिकूल परिस्थितियों में प्रशासन द्वारा सुरक्षा के मद्देनजर लिए जाने वाले निर्णयों में यात्री सहयोग करें और अनावश्यक जोखिम न उठाएं। उन्होंने यात्रियों से यात्रा के दौरान प्रशासन एवं पुलिस की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा मौसम संबंधी अपडेट पर नजर बनाए रखने की भी अपील की है।
