Uttarakhandउत्तराखंडदावा

सीएम धामी ने 39.87 करोड़ की विकास योजनाओं को दी वित्तीय मंजूरी

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विभिन्न जनपदों में विकास एवं निर्माण कार्यों के लिए कुल 39.87 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान करने का अनुमोदन किया है। स्वीकृत धनराशि से पेयजल व्यवस्था, जल गुणवत्ता परीक्षण प्रयोगशाला, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट में ग्रिड सोलर, सड़क निर्माण एवं सुधारीकरण, पार्किंग, मंदिर सौंदर्यीकरण, रिवरफ्रंट विकास और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े कार्य किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने वार्ड संख्या 60 के मधुवन एन्क्लेव में नलकूप एवं ऊर्ध्व जलाशय के निर्माण के लिए 4.98 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। वहीं नैनीताल जिले के हल्द्वानी में कुमाऊं परिक्षेत्र के लिए राज्य स्तरीय जल गुणवत्ता परीक्षण प्रयोगशाला के निर्माण को 2.21 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है। देहरादून जिले में 26 एमएलडी एसटीपी लक्कड़घाट, ऋषिकेश-जगजीतपुर तथा 0.0500 एमएलडी को-ट्रीटमेंट लक्कड़घाट में ग्रिड सोलर स्थापना के लिए 4.30 करोड़ रुपये तथा टिहरी जिले में 5 एमएलडी एसटीपी चोरपानी, ऋषिकेश में ग्रिड सोलर स्थापना के लिए 2.15 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

सड़कों और हेलीपैड के लिए भी धनराशि

चमोली जिले के विकासखंड देवाल के वाण में हेलीपैड निर्माण के अवशेष कार्यों के लिए 1.88 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। पौड़ी विधानसभा क्षेत्र में निसनी लिंक मोटर रोड के सुधार कार्य के लिए 3.17 करोड़ रुपये की धनराशि मंजूर की गई है। चंपावत विधानसभा क्षेत्र में बूढ़ाखेत-अमकड़िया मोटर मार्ग के सुधारीकरण के लिए 1.67 करोड़ रुपये तथा टिहरी गढ़वाल के विकासखंड थौलधार में उप्पू से औलणी मोटर मार्ग के पुनर्निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण के लिए 3.25 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

नंदा राजजात के लिए पार्किंग और शौचालय

चमोली जिले में नंदा राजजात के तहत भी महत्वपूर्ण कार्यों को मंजूरी दी गई है। विकासखंड देवाल के वाण पड़ाव हेलीपैड के समीप सरफेस पार्किंग एवं शौचालय निर्माण के लिए 1.36 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा मुंदोली के डनाला तोक में अस्थायी पार्किंग के लिए 40.22 लाख रुपये और सुराई तोक में अस्थायी पार्किंग के लिए 30 लाख रुपये की धनराशि मंजूर की गई है।

मंदिर सौंदर्यीकरण और आपदा मद में भी मंजूरी

अल्मोड़ा जिले के जागेश्वर विधानसभा क्षेत्र में दन्या के पास सिद्धेश्वर मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 97.08 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। मानसून अवधि में सड़कों के निर्माण एवं आवश्यक कार्यों के लिए राज्य आपदा मोचन निधि के तहत लोक निर्माण विभाग को एक करोड़ रुपये और ग्राम्य विकास विभाग को 50 लाख रुपये की धनराशि मंजूर की गई है। पिथौरागढ़ जिले के डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र में किरौली स्कूल से जैतबुगा तक सीसी मार्ग निर्माण के लिए 74.44 लाख रुपये तथा कनालीछीना विकासखंड की ग्राम पंचायत भौतली में आंतरिक सीसी मार्ग निर्माण के लिए 80 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। हरिद्वार जिले के बीएचईएल रानीपुर विधानसभा क्षेत्र में सड़कों के डामरीकरण एवं चौड़ीकरण से जुड़े चार निर्माण कार्यों के लिए 3.41 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।

धारचूला में बनेगा काली नदी रिवरफ्रंट

पिथौरागढ़ जिले के धारचूला में काली नदी के किनारे पर्यटन विभाग के अंतर्गत पैदल यात्रियों के लिए रिवरफ्रंट विकसित करने को छह करोड़ रुपये की धनराशि मंजूर की गई है। इस परियोजना के तहत नदी किनारे क्षेत्र के विकास और पैदल आवागमन से जुड़ी सुविधाओं को बेहतर बनाने का कार्य किया जाएगा।

इसके अलावा नैनीताल स्थित उत्तराखंड उच्च न्यायालय परिसर में सीसीटीवी कैमरे स्थापित करने के लिए 77.29 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत करने का भी अनुमोदन मुख्यमंत्री ने प्रदान किया है। इन वित्तीय स्वीकृतियों से प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार, सड़क एवं पेयजल व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण, पर्यटन सुविधाओं के विकास और सार्वजनिक परिसंपत्तियों को बेहतर बनाने से जुड़े कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button