Uttarakhandउत्तराखंडजागरूकतादावा
त्योहारी सीजन में मिठाई-डेयरी प्रतिष्ठानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी, खाद्य पदार्थों के लिए गए सैंपल

देहरादून। त्योहारी सीजन के मद्देनजर खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने और आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन ने अभियान तेज कर दिया है। मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर कड़ी निगरानी रखने और मिलावटखोरी के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
- जिलाधिकारी के निर्देश पर उप जिलाधिकारी सदर अपूर्वा सिंह के नेतृत्व में जिला प्रशासन एवं खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने देहरादून के विभिन्न प्रतिष्ठित खाद्य प्रतिष्ठानों, मिठाई की दुकानों, डेयरी, कैंटीन और रेस्टोरेंट में छापेमारी एवं निरीक्षण किया। टीम ने प्रतिष्ठानों में खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, स्वच्छता, रख-रखाव और खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच की तथा विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। अभियान के दौरान आनंदम स्वीट्स, 5 स्टार, कोहली स्वीट्स, कालरा स्वीट्स समेत अन्य बड़े खाद्य एवं डेयरी प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। टीम ने मिठाइयों और अन्य खाद्य सामग्री के सैंपल नियमानुसार जांच के लिए भेजे हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि त्योहारी सीजन में सैंपलिंग और निरीक्षण अभियान लगातार जारी रखा जाए। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आमजन के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और खाद्य पदार्थों में मिलावट पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन ने उपभोक्ताओं से भी अपील की है कि त्योहारों के दौरान मिठाई एवं अन्य खाद्य सामग्री खरीदते समय गुणवत्ता, स्वच्छता और प्रतिष्ठान की साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें। किसी भी प्रकार की मिलावट या अनियमितता की जानकारी मिलने पर संबंधित विभाग को सूचना दें।
