राजधानी से ऋषिकेश तक एमडीडीए का बड़ा एक्शन 10 बीघा की अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त, तीन अवैध निर्माण सील

देहरादून। राजधानी देहरादून और ऋषिकेश क्षेत्र में अवैध निर्माण एवं अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 बीघा में विकसित की जा रही अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त कर दिया, जबकि तीन अलग-अलग अवैध निर्माणों को सील कर दिया। लगातार हो रही इस कार्रवाई से अवैध निर्माणकर्ताओं और भूमाफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है।
एमडीडीए की सेक्टरवार प्रवर्तन टीमों ने नया हाईवे स्थित सुमेरू विहार के निकट कुलदीप रावत द्वारा लगभग 10 बीघा भूमि पर विकसित की जा रही अवैध प्लॉटिंग पर बुलडोजर चलाया। मौके पर बनाई जा रही सड़क, सीमांकन एवं अन्य विकास कार्यों को जेसीबी की सहायता से ध्वस्त कर दिया गया। इसके अलावा देहरादून के चुक्खुवाल पोस्ट ऑफिस के पीछे राजेश्वरी भट्ट द्वारा किए जा रहे अवैध निर्माण को सील किया गया। वहीं ऋषिकेश के हरिपुर कला क्षेत्र में आदित्य नाथ अखाड़े के सामने आदित्य मित्तल तथा गोडविन स्कूल के निकट धीरेन्द्र परिहार द्वारा किए जा रहे निर्माण भी बिना स्वीकृति पाए जाने पर सील कर दिए गए।
एमडीडीए अधिकारियों ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में बिना स्वीकृति किसी भी प्रकार का निर्माण या प्लॉटिंग कानून का उल्लंघन है। ऐसे मामलों में नोटिस, निरीक्षण और प्रवर्तन की निर्धारित प्रक्रिया के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है।
एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि शहर के सुनियोजित विकास के लिए अवैध निर्माण और अवैध प्लॉटिंग किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही उन्होंने नागरिकों से किसी भी भूखंड की खरीद से पहले उसकी वैधानिक स्थिति की जांच करने की अपील की।
एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने बताया कि प्रवर्तन टीमें नियमित रूप से क्षेत्रीय निरीक्षण कर रही हैं और जहां भी अवैध निर्माण अथवा प्लॉटिंग की सूचना मिल रही है, वहां तत्काल कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी यह अभियान और अधिक प्रभावी ढंग से जारी रहेगा।
एक नजर में कार्रवाई
-नया हाईवे स्थित सुमेरू विहार के पास 10 बीघा की अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त।
-चुक्खुवाल पोस्ट ऑफिस के पीछे अवैध निर्माण सील।
-हरिपुर कला में आदित्य नाथ अखाड़े के सामने अवैध निर्माण सील।
-हरिपुर कला में गोडविन स्कूल के निकट अवैध निर्माण सील।
