कर्णप्रयाग में धारदार हथियार से हमले के चार आरोपी गिरफ्तार, तीन भेजे गए जेल

कर्णप्रयाग। कर्णप्रयाग बाजार में स्थानीय व्यापारियों और लोगों पर धारदार हथियार से हमला करने के मामले में चमोली पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। न्यायालय में पेशी के बाद तीन आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार पुरसाड़ी भेज दिया गया, जबकि उपचाराधीन एक आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में रखा गया है।
पुलिस के अनुसार 16 जून को कर्णप्रयाग बाजार स्थित कृष्णा पैलेस होटल के समीप श्री हेमकुंड साहिब यात्रा से लौट रहे कुछ निहंग यात्रियों और स्थानीय व्यापारियों के बीच मामूली कहासुनी के बाद विवाद हो गया था। आरोप है कि विवाद के दौरान चार निहंग यात्रियों ने स्थानीय व्यापारी और बीच-बचाव करने आए लोगों पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया, जिसमें चार लोग घायल हो गए।
घटना के बाद पीड़ित गजपाल सिंह की तहरीर पर कोतवाली कर्णप्रयाग में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बैरियर लगाकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। घटना में शामिल चौथे आरोपी को बुधवार को कर्णप्रयाग चिकित्सालय से गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त तलवार भी बरामद कर ली गई।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चार तलवारें तथा दो मोटरसाइकिलें भी बरामद की हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जसनप्रीत सिंह, अजय सिंह, सतविंदर सिंह और मनप्रीत सिंह निवासी मोहाली (पंजाब) के रूप में हुई है।
घटना के बाद क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए गौचर-कर्णप्रयाग क्षेत्र में आईटीबीपी और पीएसी की एक-एक कंपनी तैनात की गई है। पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग त्रिवेन्द्र सिंह राणा क्षेत्र में कैंप कर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं, जबकि पुलिस द्वारा लगातार पैदल गश्त की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने कहा कि जनपद में कानून व्यवस्था भंग करने अथवा आमजन की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी। वहीं ऑपरेशन प्रहार के तहत चलाए जा रहे अभियान में चमोली पुलिस ने चेकिंग के दौरान अभद्रता करने और वाहन में हॉकी स्टिक पाए जाने पर तीन व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई भी की है।
