Uttarakhandउत्तराखंडएमडीडीएनिरीक्षण

एमडीडीए ने विकास कार्यों को दी रफ्तार, सिटी फॉरेस्ट से आवासीय योजनाओं तक उपाध्यक्ष का मैराथन निरीक्षण

देहरादून। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सुशासन, पर्यावरण संरक्षण और नियोजित विकास के विजन को आगे बढ़ाते हुए विकास परियोजनाओं की निगरानी तेज कर दी है। बुधवार को एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने अधिकारियों के साथ सिटी फॉरेस्ट, आमवाला तरला आवासीय योजना, कालसी घाट, ट्रेंचिंग ग्राउंड और धौलास स्थित प्रधानमंत्री आवास योजना परियोजना का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उपाध्यक्ष ने सभी परियोजनाओं को तय समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनहित, गुणवत्ता और पारदर्शिता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा अवैध निर्माण और प्लॉटिंग के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। सहस्त्रधारा रोड स्थित सिटी फॉरेस्ट के निरीक्षण के दौरान पार्क को और अधिक आकर्षक बनाने के लिए पुराने ट्री हाउस के नवीनीकरण, पैदल मार्गों के किनारे फूलों के पौधारोपण, नदी तट पर बांस रोपण, लोटस फाउंटेन तथा भारत माता मंदिर के निर्माण संबंधी निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने बताया कि पार्क में स्थापित 120 किलोवाट क्षमता का सोलर प्लांट बिजली खर्च में लगभग 90 प्रतिशत तक की बचत कर रहा है।
आमवाला तरला आवासीय योजना का निरीक्षण करते हुए उपाध्यक्ष ने जुलाई से लाभार्थियों को आवासों का कब्जा देने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने परिसर में पौधारोपण करने के साथ ही पार्किंग और ड्रेनेज व्यवस्था को और बेहतर बनाने पर जोर दिया। वहीं, सहस्त्रधारा रोड स्थित ट्रेंचिंग ग्राउंड में ठोस अपशिष्ट के वैज्ञानिक पुनः उपयोग की संभावनाओं पर चर्चा की गई। इसके लिए नगर निगम और स्मार्ट सिटी परियोजना के साथ संयुक्त कार्ययोजना तैयार करने का निर्णय लिया गया है। कालसी में यमुना तट पर विकसित किए जा रहे घाट का निरीक्षण करते हुए उपाध्यक्ष ने कार्यों की प्रगति पर संतोष जताया और जुलाई माह तक सभी कार्य पूर्ण कर लोकार्पण की तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और क्षेत्र के सौंदर्यीकरण के लिए अतिरिक्त व्यवस्थाएं करने को भी कहा गया। धौलास स्थित प्रधानमंत्री आवास योजना परियोजना के निरीक्षण के दौरान बताया गया कि 15 में से 10 टावरों का निर्माण पूरा हो चुका है। उपाध्यक्ष ने 30 जुलाई से पूर्ण हो चुके टावरों में लाभार्थियों को कब्जा देने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण केवल निर्माण कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि हरित ऊर्जा, पर्यावरण संरक्षण और आधुनिक शहरी सुविधाओं के विकास पर भी समान रूप से कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि सभी परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है और अवैध निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि प्राधिकरण की सभी योजनाओं में बुनियादी सुविधाओं, हरित क्षेत्र, जल निकासी और पार्किंग व्यवस्था को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि नागरिकों को बेहतर और व्यवस्थित शहरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button