धामी सरकार ने विकास कार्यों के लिए मंजूर किए 36 करोड़ रुपये, सड़क-पेयजल सुविधाओं पर जोर

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में सड़क, पेयजल, धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए विभिन्न विकास योजनाओं एवं निर्माण कार्यों के लिए करीब 36 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। स्वीकृत योजनाओं में हरिद्वार, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर, देहरादून और पिथौरागढ़ जनपदों के कार्य शामिल हैं। इसके साथ ही कुंभ मेले की सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस विभाग को बम निरोधक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने के लिए भी बजट मंजूर किया गया है।
स्वीकृति के तहत हरिद्वार विधानसभा क्षेत्र के मध्य हरिद्वार में पांच किलोमीटर सीसी मार्ग निर्माण के लिए 4.21 करोड़ रुपये और ज्वालापुर क्षेत्र में पांच किलोमीटर सीसी मार्ग के लिए 4.83 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। नैनीताल जिले के कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र में कोटाबाग विकासखंड के अंतर्गत राज्य मार्ग संख्या-61 के किमी 75.200 से 81.00 तक बीएम/एसडीबीसी तकनीक से सड़क सुधारीकरण के लिए पांच करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है।
गदरपुर में सड़कों का होगा सुधार
ऊधमसिंह नगर जिले के गदरपुर विधानसभा क्षेत्र में नेतानगर से राधास्वामी सत्संग होते हुए अमरपुर तक सड़क सुधारीकरण और आंतरिक मार्गों पर इंटरलॉकिंग टाइल्स बिछाने के लिए 6.14 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं, श्रीरामपुर से धीमरी ब्लॉक होते हुए चकीमोड़ तक सड़क निर्माण के लिए 5.73 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है। इन कार्यों से संबंधित क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बेहतर होने की उम्मीद है।
देहरादून की सड़कों की निगरानी में एआई का इस्तेमाल
राजधानी देहरादून में मुख्य सड़कों के रखरखाव की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए परफॉर्मेंस बेस्ड मेंटेनेंस कॉन्ट्रैक्ट (पीबीएमसी) के तहत पर्यवेक्षण सलाहकार नियुक्त किया जाएगा। इसके लिए 4.63 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इस व्यवस्था में सूचना प्रौद्योगिकी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का उपयोग करते हुए ठेकेदारों के रखरखाव कार्यों का निष्पक्ष मूल्यांकन किया जाएगा। साथ ही डिजिटल डैशबोर्ड विकसित कर सड़क एवं बुनियादी ढांचे के रखरखाव की निगरानी की जाएगी।
पेयजल योजना और मंदिर सौंदर्यीकरण को बजट
देहरादून जिले के रायपुर विकासखंड स्थित इंदिरा कॉलोनी पेयजल योजना के लिए 3.59 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। पिथौरागढ़ विधानसभा क्षेत्र में मंदिर कुमौड़ के सौंदर्यीकरण के लिए 96 लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति दी गई है।
कुंभ मेले की सुरक्षा के लिए खरीदे जाएंगे बम सूट
आगामी कुंभ मेले के दौरान एंटी-सबोटाज जांच और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस विभाग तीन बम सूट खरीदेगा। इसके लिए 1.53 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इन उपकरणों से संवेदनशील परिस्थितियों में जांच और सुरक्षा संबंधी कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी। सरकार की ओर से स्वीकृत इन योजनाओं का उद्देश्य सड़क संपर्क बेहतर बनाने, पेयजल सुविधाओं का विस्तार करने, धार्मिक स्थलों को विकसित करने और बड़े आयोजनों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना है।