Uttarakhandउत्तराखंडदावापुलिस

देहरादून में ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत बड़ी कार्रवाई, डेढ़ करोड़ से अधिक की नकदी बरामद सीक्रेट केबिन में छिपाकर लाई जा रही थी रकम, आयकर विभाग कर रहा पूछताछ

देहरादून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून परमेन्द्र डोबाल के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत दून पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। कैंट थाना पुलिस ने सघन वाहन चेकिंग अभियान के दौरान एक संदिग्ध स्कॉर्पियो वाहन से लगभग 1 करोड़ 55 लाख रुपये की नकद धनराशि बरामद की है। खास बात यह रही कि इतनी बड़ी रकम वाहन में बनाए गए सीक्रेट केबिन में छिपाकर रखी गई थी।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार को कैंट पुलिस राजेंद्र नगर कौलागढ़ क्षेत्र में सिरमौर मार्ग पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान महाराष्ट्र नंबर की स्कॉर्पियो (MH12XT 3245) को रोककर जांच की गई। वाहन चालक पुलिस को संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया और पूछताछ में लगातार गोलमोल बातें करने लगा। संदेह गहराने पर पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की, जिसमें चालक ने वाहन में भारी मात्रा में नकदी होने की जानकारी दी।
इसके बाद पुलिस ने तत्काल उच्चाधिकारियों को सूचित करते हुए आयकर विभाग की टीम को मौके पर बुलाया। आयकर अधिकारियों की मौजूदगी में वाहन की तलाशी ली गई तो गाड़ी की बीच और पिछली सीट के बीच बनाए गए गुप्त केबिन से भारी मात्रा में नकदी बरामद हुई। पुलिस और आयकर विभाग की टीम ने रकम को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस पूछताछ में वाहन चालक ने अपना नाम सतीश भाई निवासी मेहसाणा गुजरात बताया। उसके साथ वाहन में जसवंत संघ बनाजी निवासी पाटन गुजरात तथा सचिन पटेल निवासी विसनगर गुजरात भी मौजूद थे। पूछताछ में चालक ने बताया कि वह उक्त धनराशि बनारस से लेकर आया था और यह रकम उसके साथ बैठे जसवंत को दी जानी थी। हालांकि बरामद धनराशि के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। फिलहाल आयकर विभाग की टीम तीनों व्यक्तियों से गहन पूछताछ कर रही है तथा बरामद रकम का आंकलन किया जा रहा है। मामले में आगे की कार्रवाई आयकर विभाग द्वारा की जाएगी। वहीं पुलिस ने संदिग्ध स्कॉर्पियो वाहन को सीज कर दिया है।
इस कार्रवाई में क्षेत्राधिकारी नगर स्वप्निल मुयाल, प्रभारी निरीक्षक कैंट शंकर सिंह बिष्ट, चौकी प्रभारी बिंदाल विनयता चौहान सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं आयकर विभाग से सहायक आयकर निदेशक पंकज खत्री, आयकर निरीक्षक शशांक पाल और कमलेश पंत मौके पर मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button