उत्तराखंड की रोल बॉल बॉयज़ टीम ने जीता कांस्य पदक, राष्ट्रीय प्रतियोगिता में दिखाया दम

देहरादून। हिमाचल प्रदेश के शिमला स्थित गवर्नमेंट आईटीआई परिसर में आयोजित थर्ड सब जूनियर नेशनल नॉर्थ जोन रोल बॉल चैंपियनशिप 2026 में उत्तराखंड की रोल बॉल टीमों ने शानदार प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन किया। 15 से 17 मई तक चली इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन रोल बॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया एवं हिमाचल रोल बॉल एसोसिएशन द्वारा किया गया।
प्रतियोगिता में उत्तराखंड की बॉयज़ टीम ने बेहतरीन खेल, शानदार तालमेल और दमदार प्रदर्शन के दम पर कांस्य पदक हासिल किया। खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट के दौरान शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए सभी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। उत्तराखंड बॉयज़ टीम ने अपने पहले मुकाबले में पंजाब को 13-1 के बड़े अंतर से हराया। इसके बाद दिल्ली के खिलाफ मुकाबला 1-1 की बराबरी पर समाप्त हुआ। वहीं जम्मू-कश्मीर के खिलाफ टीम ने 7-1 से शानदार जीत दर्ज की। इन शानदार प्रदर्शनों के आधार पर उत्तराखंड की टीम ने प्रतियोगिता में कांस्य पदक अपने नाम किया।
वहीं गर्ल्स टीम ने भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए चंडीगढ़ के खिलाफ 6-0 की शानदार जीत दर्ज की। टीम की खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में अनुशासन, खेल भावना और टीमवर्क का उत्कृष्ट परिचय दिया। बॉयज़ टीम की कप्तानी कुशाग्र पांडेय ने की, जबकि अध्विक सोलंकी उपकप्तान रहे। गर्ल्स टीम की कप्तान मीमांसा पुंडीर और उपकप्तान राध्या गोयल रहीं। टीम की इस सफलता का श्रेय कोच शिवम भारद्वाज एवं वशिष्ठ कुमार खत्री को भी दिया जा रहा है, जिनके मार्गदर्शन और मेहनत से खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
उत्तराखंड रोल बॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष पंकज भारद्वाज ने खिलाड़ियों एवं कोचिंग स्टाफ को बधाई देते हुए कहा कि प्रदेश के खिलाड़ी लगातार राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं और आने वाले समय में उत्तराखंड रोल बॉल में नई ऊंचाइयों को छुएगा।
एसोसिएशन की सचिव चित्रांजलि नेगी ने कहा कि उत्तराखंड में रोल बॉल खेल तेजी से लोकप्रिय हो रहा है तथा खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिसका सकारात्मक परिणाम अब राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देखने को मिल रहा है। टीम की इस उपलब्धि से पूरे उत्तराखंड में खुशी का माहौल है और खिलाड़ियों को लगातार शुभकामनाएं मिल रही हैं।
