उत्तराखंड में एनआरआई महिला की 20 करोड़ की संपत्ति पर डाका डालने वाले गैंग का राजपुर पुलिस ने किया पर्दाफाश
देहरादून। राजपुर पुलिस ने एनआरआई महिला की 20 करोड़ की संपत्ति के फर्जी दस्तावेज तैयार कर धोखाधड़ी व खरीद- फरोख्त करने वाले शेर खान गैंग का पर्दाफाश किया है। इस दौरान पुलिस ने सहारनपुर के शेरखान गैंग के शातिर बदमाश मूंछ सहित 03 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। गिरोह द्वारा शहर के खाली मकान, जमीन के फर्जी दस्तावेज बनाकर व खरीद- फरोख्त कर उसमें कब्जा करने का खेल चल रहा था।
थाना राजपुर के थानाध्यक्ष पीडी भट्ट ने बताया कि वादिनी सुमन देवी, निवासी किशनपुर, राजपुर देहरादून द्वारा प्रार्थना पत्र दिया कि उनकी सहेली रितु मेहता द्वारा किशनपुर स्थित उनके जमीन व बंगले की देखरेख हेतु उनको रखा गया था। शेरखान आदि लोग जो कि गिरोह बनाकर काम करते हैं के द्वारा उनकी उक्त जमीन व बंगले के फर्जी दस्तावेज तैयार कर उस पर कब्जा करने का प्रयास किया गया। प्राप्त तहरीर पर थाना राजपुर पर मुoअoसo- 256/24 बनाम शेरखान आदि के विरुद्ध धारा 329(4)/62 BNS, 420/467/468/471/120(b) भादवी में अभियोग पंजीकृत किया गया।
एसएसपी के निर्देश पर बड़ी कार्रवाई
प्रकरण की गंभीरता की दृष्टिगत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह द्वारा थानाध्यक्ष पीडी भट्ट को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। उक्त निर्देशों के क्रम रजिस्ट्री कार्यालय देहरादून , राजस्व विभाग व विभिन्न बैंकों से विवेचना से संबंधित दस्तावेज प्राप्त किए गए तथा दस्तावेज व साक्षय के आधार पर अभियुक्त गणों के संबंध में सुरागरसी -पतारसी करते हुए मुखबिर की सूचना पर भूमि धोखाधड़ी में शामिल अभियुक्त विकास सुंदरियाल उर्फ सोनू मूंछ, विनोद कुमार उर्फ केडी, महेश चौहान व प्रमोद गिरी को दिनांक 27/12/24 को गिरफ्तार किया गया।
जमीन गिरोह में दर्जनभर से ज्यादा लोग शामिल
पुलिस पूछताछ में अभियुक्तगणों द्वारा बताया गया कि जमीनों पर कब्जा करने हेतु उन्होंने एक गिरोह बना रखा है। जिसमें करीब 10-12 लोग शामिल है और उनका सरगना शेरखान है। उनके द्वारा द्वारा शहर में खाली जमीन व मकान जिस पर कोई नहीं रहता है की रेकी कर उसके संबंध में जानकारी हासिल कर उक्त जमीन व मकान के फर्जी दस्तावेज तैयार करते हैं तथा दस्तावेज तैयार होने पर वह उक्त जमीन व मकान पर कब्जा करते हैं। उक्त गिरोह द्वारा शहर में कई जमीन व मकान में इसी तरीके से कब्जा करना प्रकाश में आया है, जिनकी जांच की जा रही है।
आरोपियों का पराधिक इतिहास
अभियुक्त विकास सुंदरियाल उर्फ सोनू मूंछ तथा शेरखान पर उत्तर प्रदेश उत्तराखंड में दर्ज है कई मुकदमे।सभी अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास की जानकारी की जा रही है। अभियुक्तगण विकास सुंदरियाल उर्फ सोनू मूंछ पुत्र किशन चंद निवासी अपर राजीव नगर थाना नेहरू कॉलोनी देहरादून उम्र 38 वर्ष, विनोद कुमार उर्फ KD पुत्र स्वर्गीय गुल चरण निवासी ऋषि नगर सहस्त्रधारा रोड थाना रायपुर देहरादून उम्र 44 वर्ष, मुकेश चौहान पुत्र स्वर्गीय गेंदा सिंह निवासी अजबपुर कला दीपनगर थाना नेहरू कॉलोनी देहरादून उम्र 56 वर्ष, प्रमोद गिरी पुत्र स्वर्गीय समुद्र गिरी निवासी दीप नगर थाना नेहरू कॉलोनी जनपद देहरादून उम्र 49 वर्ष।
पुलिस टीम में ये रहे शामिल
पुलिस टीम में उप निरीक्षक पीडी भट्ट थानाध्यक्ष राजपुर, उप निरीक्षक प्रवेश रावत, सिपाही सुशील, रविंद्र थाना राजपुर देहरादूनशामिल रहे।