ऑपरेशन प्रहार के तहत पंजाब का वांछित अपराधी बाजपुर से गिरफ्तार

देहरादून। उत्तराखंड में अपराधियों और गैंगस्टरों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) उत्तराखंड को बड़ी सफलता मिली है। एसटीएफ, पंजाब पुलिस और ऊधमसिंह नगर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में पंजाब के एक वांछित अपराधी को बाजपुर से गिरफ्तार किया गया है।
एसटीएफ के अनुसार, सोमवार तड़के जनपद ऊधमसिंह नगर के केशवनगर, बाजपुर में संयुक्त अभियान चलाकर पंजाब निवासी ईशानप्रीत सिंह पुत्र जगजीत सिंह को गिरफ्तार किया गया। आरोपी पंजाब में एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज मुकदमे में वांछित चल रहा था। एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि 23 मई 2026 को पंजाब के अमृतसर में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) और बीएसएफ द्वारा नशा एवं हथियार तस्करों के खिलाफ संयुक्त अभियान चलाया गया था। इस दौरान ईशानप्रीत सिंह के घर पर छापेमारी की गई, लेकिन वह पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था।
तलाशी के दौरान उसके घर से 12 अवैध पिस्टल, 20 मैगजीन और लगभग 900 ग्राम हेरोइन बरामद की गई थी। बरामद हथियारों में तीन बरेटा पिस्टल, तीन जिगाना पिस्टल तथा छह मेड इन चाइना पिस्टल शामिल थीं। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी के पास पाकिस्तान सीमा पार से ड्रोन के माध्यम से हथियार और मादक पदार्थ पहुंचाए गए थे। घटना के बाद से पंजाब पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां उसकी तलाश में जुटी थीं।
पंजाब पुलिस से प्राप्त सूचना के आधार पर उत्तराखंड एसटीएफ ने आरोपी की लोकेशन ऊधमसिंह नगर में ट्रेस की और संयुक्त टीम गठित कर कार्रवाई की। सोमवार सुबह बाजपुर के केशवनगर क्षेत्र से उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ के बाद आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई एवं विस्तृत जांच के लिए पंजाब पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। एसएसपी एसटीएफ ने कहा कि मुख्यमंत्री के ‘अपराध मुक्त उत्तराखंड’ के विजन के अनुरूप राज्य में बाहरी राज्यों के भगोड़े अपराधियों और गैंगस्टरों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि कोई भी अपराधी उत्तराखंड में शरण न ले सके।
