वीडियो….कैंची धाम ड्यूटी में शराब सेवन और अभद्रता पर SSP का बड़ा एक्शन, दो पुलिसकर्मी गिरफ्तार

देहरादून। कैंची धाम स्थापना दिवस ड्यूटी के दौरान गंभीर अनुशासनहीनता और अभद्र व्यवहार के आरोपों में दो पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल मंजू नाथ टी ने स्पष्ट संदेश दिया है कि ड्यूटी के दौरान नशाखोरी, अनुशासनहीनता अथवा किसी भी प्रकार का आपराधिक कृत्य किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कैंची धाम स्थापना दिवस ड्यूटी में तैनात दो पुलिसकर्मी रात्रि विश्राम के लिए एक होमस्टे में रुके हुए थे। आरोप है कि दोनों ने अत्यधिक शराब का सेवन किया और नशे की हालत में होमस्टे संचालक के परिवार की एक युवती के साथ छेड़छाड़ की। इसके अलावा युवती के परिजनों तथा स्थानीय लोगों के साथ अभद्रता और मारपीट किए जाने की भी शिकायत सामने आई।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन ने तत्काल संज्ञान लिया और वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर भेजा गया। क्षेत्राधिकारी (सीओ), पुलिस अधीक्षक (एसपी) एवं अन्य अधिकारियों ने घटनास्थल पहुंचकर मामले की जांच की। जांच में प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए गए।
स्थानीय लोगों की मौजूदगी एवं वीडियोग्राफी के बीच दोनों पुलिसकर्मियों का अल्कोहल टेस्ट कराया गया। अल्कोहल टेस्ट एवं मेडिकल परीक्षण में शराब सेवन की पुष्टि होने के बाद दोनों को तत्काल हिरासत में ले लिया गया। पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर कोतवाली भवाली में दोनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कर ली गई है। वर्तमान में दोनों आरोपी पुलिस हिरासत में हैं। उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है। निलंबन के साथ-साथ कठोरतम विभागीय कार्रवाई, जिसमें सेवा से बर्खास्तगी तक शामिल है, की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। संबंधित पुलिसकर्मियों के मूल जनपद के एसएसपी को भी मामले की रिपोर्ट भेजी गई है।
एसएसपी ने कहा कि धार्मिक ड्यूटी के दौरान शराब सेवन और किसी भी प्रकार के आपराधिक कृत्य को पुलिस विभाग कतई बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को स्पष्ट संदेश दिया है कि ड्यूटी के दौरान अनुशासनहीनता, नशाखोरी अथवा आपराधिक आचरण पाए जाने पर तत्काल एफआईआर दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाएगी। एसएसपी मंजू नाथ टीसी का स्पष्ट संदेश है कि “कानून सबके लिए समान है। चाहे आम नागरिक हो या पुलिसकर्मी, दोषी पाए जाने पर किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।”
