Uttarakhandउत्तराखंडकाम की तारीफसम्मान

प्रतापनगर के विज्ञान शिक्षक नरेश बिजल्वाण को भावभीनी विदाई, योगदान को किया गया याद

देहरादून। टिहरी गढ़वाल जनपद के प्रतापनगर स्थित राजकीय इंटर कॉलेज गालुडधार में विज्ञान अध्यापक नरेश बिजल्वाण के स्थानांतरण पर सम्मानपूर्वक विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार, शिक्षकगण, कर्मचारी, छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों ने उन्हें भावभीनी विदाई देते हुए उनके योगदान को सराहा।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि बिजल्वाण ने अपने कार्यकाल के दौरान विज्ञान शिक्षण को न केवल सरल और रोचक बनाया, बल्कि उसे प्रयोगात्मक और व्यवहारिक रूप से विद्यार्थियों तक पहुँचाने का सराहनीय प्रयास किया। उनके मार्गदर्शन में विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, जिज्ञासा और नवाचार की भावना विकसित हुई। उन्होंने शिक्षण के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी उल्लेखनीय कार्य किए। उनके नेतृत्व में विद्यालय में बीज बम अभियान, प्राकृतिक जलधारा संरक्षण अभियान और गढ़भोज अभियान जैसे कार्यक्रम सफलतापूर्वक संचालित किए गए। इन अभियानों के माध्यम से विद्यार्थियों में पर्यावरण एवं प्राकृतिक संसाधनों के प्रति जागरूकता बढ़ी।
विद्यालय में उनके प्रयासों से एक सशक्त ईको क्लब का गठन किया गया, जिसके माध्यम से वृक्षारोपण, स्वच्छता, जल संरक्षण और जैव विविधता संरक्षण जैसे कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए गए। साथ ही स्काउट एवं गाइड गतिविधियों के संचालन से विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना का विकास हुआ। बिजल्वाण ने सांस्कृतिक और शैक्षिक गतिविधियों में भी सक्रिय भूमिका निभाई। उन्होंने राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रमों में प्रतिभाग कर अनुभव प्राप्त किया और विद्यार्थियों को अपनी संस्कृति एवं परंपराओं से जोड़ने के लिए प्रेरित किया।
वह राजकीय शिक्षक संघ प्रतापनगर के ब्लॉक मंत्री के रूप में भी सक्रिय रहे और शिक्षकों की समस्याओं के समाधान तथा संगठन को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
इस दौरान पड़ोसी विद्यालय जनता हाई स्कूल में भी उनके सम्मान में एक आत्मीय समारोह आयोजित किया गया, जहां उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने उनके सरल स्वभाव, ऊर्जावान व्यक्तित्व और सहयोगी व्यवहार की सराहना करते हुए कहा कि वे एक उत्कृष्ट शिक्षक के साथ-साथ प्रेरणादायी साथी भी रहे हैं।
कार्यक्रम में ब्लॉक अध्यक्ष उत्तराखंड माध्यमिक शिक्षक संगठन प्रतापनगर श्री विशाल रावत ने भी उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय के प्रधानाचार्य रमाकांत शर्मा, शिक्षकगण, अभिभावकों और विद्यार्थियों ने उनके योगदान को अविस्मरणीय बताया। उल्लेखनीय है कि  नरेश बिजल्वाण का स्थानांतरण राजकीय इंटर कॉलेज तोलीसैंण, मुखेम में हुआ है। समारोह के अंत में उन्होंने विद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि गालुडधार उनका पहला कार्यस्थल होने के कारण उनके जीवन में सदैव विशेष स्थान रखेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button