आरटीआई का असर: जिला अस्पताल अल्मोड़ा में लगा नया ‘सिटीजन चार्टर’, मरीजों को बड़ी राहत

देहरादून। अल्मोड़ा में सूचना के अधिकार (RTI) के प्रभाव का एक सकारात्मक उदाहरण सामने आया है, जहां वर्षों से उठाई जा रही मांग आखिरकार पूरी हो गई। सामाजिक कार्यकर्ता एवं आरटीआई एक्टिविस्ट संजय पांडे के निरंतर प्रयासों के बाद पंडित हर गोविंद पंत जिला चिकित्सालय में आम जनता की सुविधा के लिए नया सूचना पट (सिटीजन चार्टर) स्थापित कर दिया गया है।

मॉल रोड स्थित अस्पताल के मुख्य द्वार के पास, लिफ्ट के समीप लगाए गए इस सूचना पट से अब मरीजों और उनके परिजनों को विभिन्न विभागों, कक्ष संख्या, चिकित्सकीय सेवाओं एवं अन्य जरूरी जानकारियां एक ही स्थान पर आसानी से उपलब्ध हो सकेंगी। गौरतलब है कि पूर्व में अस्पताल में लगा सूचना पट लंबे समय से अपडेट नहीं किया गया था, जिससे यहां आने वाले मरीजों और तीमारदारों को सही जानकारी प्राप्त करने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। कई बार लोगों को विभागों और कक्षों की जानकारी के अभाव में इधर-उधर भटकना पड़ता था।
इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए संजय पांडे ने आरटीआई के माध्यम से संबंधित विभाग का ध्यान इस ओर आकर्षित किया और लगातार इस मुद्दे को उठाते रहे। उनके प्रयासों का ही परिणाम है कि अब अस्पताल प्रशासन ने नया और अद्यतन सिटीजन चार्टर स्थापित कर दिया है।
स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह भले ही छोटा कदम प्रतीत हो, लेकिन इससे आम जनता को बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही यह भी साबित होता है कि यदि जनहित के मुद्दों को मजबूती और निरंतरता के साथ उठाया जाए, तो सकारात्मक बदलाव संभव है।
यह पहल न केवल पारदर्शिता को बढ़ावा देती है, बल्कि स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुगम और व्यवस्थित बनाने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
