Uttarakhandउत्तराखंडदावापर्यावरण संरक्षण

बीज बम अभियान का शिक्षा मंत्री ने किया शुभारंभ, 16 जुलाई हरेला पर सभी स्कूलों में चलेगा विशेष अभियान

प्रदेश के 1,050 से अधिक विद्यालयों के एक लाख से ज्यादा छात्र-छात्राएं हुए वर्चुअली शामिल

देहरादून। विद्यालयी शिक्षा एवं उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने शनिवार को वर्चुअल स्टूडियो के माध्यम से राज्यव्यापी “बीज बम” अभियान का शुभारंभ किया। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण प्रदेश के 1,050 से अधिक विद्यालयों में किया गया, जिसमें एक लाख से अधिक छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने सहभागिता की।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि “बीज बम” अभियान केवल वृक्षारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य स्थानीय फलदार प्रजातियों का संरक्षण, जैव विविधता को बढ़ावा देना तथा वन्यजीव-मानव संघर्ष को कम करने के लिए जनभागीदारी सुनिश्चित करना है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी इस अभियान से जोड़ने का आह्वान करते हुए प्रत्येक छात्र से कम से कम दो बीज बम तैयार कर उपयुक्त स्थानों पर रोपित करने की अपील की। डॉ. रावत ने कहा कि यह पहल राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 (NEP-2020) की भावना के अनुरूप है, जिससे विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक उत्तरदायित्व, नेतृत्व क्षमता, टीम वर्क और प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता विकसित होगी। उन्होंने कहा कि शिक्षा को केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं रखा जा सकता, बल्कि विद्यार्थियों को प्रकृति और समाज से जोड़ना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने निर्देश दिए कि 16 जुलाई को हरेला पर्व के अवसर पर शिक्षा विभाग के सभी कार्यालयों, विद्यालयों और शिक्षा से जुड़े संस्थानों में “बीज बम” अभियान को व्यापक स्तर पर संचालित किया जाए। इस दौरान स्थानीय फलदार वृक्षों के बीजों को प्राथमिकता देते हुए बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण और जनसहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
शिक्षा मंत्री ने विद्यार्थियों से जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने तथा वन विभाग के सहयोग से चलाए जाने वाले अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि भविष्य में शिक्षा विभाग नियमित रूप से विशेषज्ञों के व्याख्यान भी आयोजित करेगा, ताकि विद्यार्थियों को उत्तराखंड की संस्कृति, लोक परंपराओं, पर्यावरण और अन्य महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी मिल सके।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने “बीज बम” अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और उत्तराखंड को अधिक हरित एवं पर्यावरणीय रूप से समृद्ध बनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर माध्यमिक शिक्षा निदेशक विनोद सेमल्टी, बेसिक शिक्षा निदेशक कुंवर सिंह रावत, एचएनबी गढ़वाल विश्वविद्यालय के सेवानिवृत्त प्रो. डॉ. पुरोहित, द्वारिका प्रसाद सेमवाल, अरविंद उदय गौड़, हितेश नौटियाल, डी.एस. नेगी, मुख्य शिक्षा अधिकारी देहरादून गोविंद जायसवाल सहित शिक्षा विभाग के अनेक वरिष्ठ अधिकारी एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. बी.पी. मैन्दोली ने किया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button