Uttarakhandउत्तराखंडजागरूकतादावा

अल्मोड़ा जिला चिकित्सालय ने रचा इतिहास, पहली बार दूरबीन विधि से एपेंडिक्स का सफल ऑपरेशन

देहरादून। पंडित हरगोविंद पंत जिला चिकित्सालय ने आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में एक नई उपलब्धि हासिल करते हुए पहली बार लेप्रोस्कोपिक एपेंडेक्टॉमी (दूरबीन विधि से एपेंडिक्स ऑपरेशन) सफलतापूर्वक संपन्न किया है। यह जटिल ऑपरेशन जिला चिकित्सालय के वरिष्ठ जनरल सर्जन डॉ अमित सुकोटी एवं उनकी टीम द्वारा सफलता पूर्वक किया गया।

जानकारी के अनुसार 22 वर्षीय मरीज शुभम पाण्डे पिछले लगभग तीन महीनों से लगातार असहनीय पेट दर्द से परेशान थे। आधुनिक लेप्रोस्कोपिक तकनीक से ऑपरेशन किए जाने के बाद मरीज को मात्र एक दिन में स्वस्थ अवस्था में अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। मरीज और उनके परिजनों ने चिकित्सकों एवं पूरी मेडिकल टीम का आभार व्यक्त किया। जिला चिकित्सालय में पहली बार इस तरह की आधुनिक सर्जरी होने को स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। सीमित संसाधनों के बावजूद डॉ० अमित सुकोटी ने जिस दक्षता और आत्मविश्वास के साथ ऑपरेशन को अंजाम दिया, उसकी क्षेत्रभर में सराहना हो रही है। बताया जा रहा है कि डॉ सुकोटी को रोबोटिक सर्जरी जैसी अत्याधुनिक तकनीकों का भी अनुभव है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि यदि जिला चिकित्सालय को आधुनिक उपकरण, प्रशिक्षित स्टाफ और तकनीकी संसाधन उपलब्ध कराए जाएं तो भविष्य में यहां रोबोटिक सर्जरी जैसी सुविधाएं भी शुरू की जा सकती हैं। इससे कुमाऊं क्षेत्र के हजारों मरीजों को महानगरों की ओर नहीं जाना पड़ेगा। डॉ अमित सुकोटी ने बताया कि भविष्य में जिला चिकित्सालय में हर्निया के मरीजों का भी आईपीओएम विधि से लेप्रोस्कोपिक उपचार शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक से मरीजों को कम दर्द, कम रक्तस्राव और शीघ्र रिकवरी जैसी सुविधाएं मिलती हैं।
इस उपलब्धि के पीछे सामाजिक कार्यकर्ता संजय पाण्डे की महत्वपूर्ण भूमिका भी रही। उन्होंने लंबे समय से जिला चिकित्सालय में लेप्रोस्कोपिक मशीन एवं जनरल एनेस्थीसिया मशीन उपलब्ध करवाने के लिए शासन और स्वास्थ्य विभाग के समक्ष लगातार प्रयास किए। इसके लिए उन्होंने कई बार विभागीय अधिकारियों से पत्राचार किया तथा सूचना के अधिकार (RTI) का भी सहारा लिया।
गौरतलब है कि पिछले वर्ष से ही जिला चिकित्सालय अल्मोड़ा में दूरबीन विधि द्वारा गॉलब्लैडर के सफल ऑपरेशन लगातार किए जा रहे हैं, जिससे स्थानीय मरीजों को काफी राहत मिली है। अब एपेंडिक्स ऑपरेशन की सफलता के बाद जिला चिकित्सालय आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं की दिशा में तेजी से आगे बढ़ता दिखाई दे रहा है। प्रमुख अधीक्षक डॉ एचसी गड़कोटी ने ऑपरेशन में शामिल पूरी टीम की सराहना करते हुए कहा कि जिला चिकित्सालय सीमित संसाधनों में भी मरीजों को बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए निरंतर प्रयासरत है। ऑपरेशन टीम में डॉ० अमित सुकोटी (जनरल सर्जन), डॉ पल्लवी चौहान (निश्चेतक), नर्सिंग स्टाफ सरिता, प्रियंका एवं नेहा, वार्डबॉय धर्मेन्द्र, राजेन्द्र बिष्ट तथा शोभा शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button