Uttarakhandउत्तराखंडदावामददगार

मोटर दुर्घटना दावा मामलों में त्वरित राहत की पहल, समझौता समिति की बैठक में 51 मामलों का निस्तारण

देहरादून। मोटर दुर्घटनाओं में जान गंवाने वाले लोगों के आश्रितों और दुर्घटना में घायल हुए पीड़ितों को शीघ्र आर्थिक राहत उपलब्ध कराने की दिशा में दि ओरिएण्टल इंश्योरेंस कम्पनी लिमिटेड के क्षेत्रीय कार्यालय देहरादून की ओर से महत्वपूर्ण पहल की गई। शनिवार को आयोजित मोटर तृतीय पक्ष दावा समझौता समिति (CMCSTPC) की बैठक में मोटर दुर्घटना दावा मामलों पर सुनवाई और विचार-विमर्श करते हुए आपसी सहमति के आधार पर मामलों का निस्तारण किया गया।

बैठक की अध्यक्षता उत्तराखंड उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति एनएस धानिक ने की। समिति में मेडिकल सदस्य के रूप में डॉ. वागीश काला तथा विधिक सदस्य के रूप में आमिर खुर्शीद अहमद मौजूद रहे। इसके अतिरिक्त ओरिएण्टल इंश्योरेंस की उप महाप्रबंधक संतोष चौधरी की गरिमामयी उपस्थिति रही। बैठक के दौरान विभिन्न विधिक केंद्रों से प्रस्तुत मोटर दुर्घटना दावा प्रकरणों पर विस्तार से चर्चा की गई। संबंधित पक्षों के बीच आपसी सहमति बनाने के प्रयास किए गए, ताकि दुर्घटना पीड़ितों और उनके परिवारों को लंबी कानूनी प्रक्रिया से गुजरने के बजाय समयबद्ध तरीके से राहत मिल सके। समिति के समक्ष प्रस्तुत मामलों का परीक्षण करने के बाद समझौते के आधार पर निस्तारण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई।
इस पहल का प्रमुख उद्देश्य मोटर दुर्घटना पीड़ितों एवं मृतकों के आश्रितों को शीघ्र मुआवजा उपलब्ध कराने में मदद करना, न्यायालयों में लंबित मामलों का बोझ कम करना और विवादों का आपसी सहमति से समाधान सुनिश्चित करना है। मोटर दुर्घटना के बाद पीड़ित परिवारों को अक्सर आर्थिक, मानसिक और सामाजिक चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में दावा मामलों का समझौते के माध्यम से निस्तारण उनके लिए बड़ी राहत साबित हो सकता है।
बैठक में समिति के सदस्यों ने मामलों के विधिक और चिकित्सकीय पहलुओं को ध्यान में रखते हुए विचार-विमर्श किया। इस तरह की समितियां बीमा कंपनी और दावेदारों के बीच संवाद एवं सहमति का रास्ता तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। दि ओरिएण्टल इंश्योरेंस कम्पनी लिमिटेड की यह पहल दुर्घटना पीड़ितों को समय पर राहत और न्याय उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। कंपनी की ओर से इस प्रकार की बैठकों के आयोजन के माध्यम से दावा निस्तारण की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी, सरल और पीड़ित-केंद्रित बनाने पर जोर दिया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button