बाल प्रतिभाओं का संगम बनी राज्य स्तरीय बाल चौपाल, 600 से अधिक बच्चों ने दिखाई रचनात्मकता और हुनर

देहरादून। बच्चों की प्रतिभा को निखारने, उनमें रचनात्मकता और आत्मविश्वास विकसित करने तथा सीखने की प्रक्रिया को आनंदपूर्ण बनाने के उद्देश्य से कालसी विकासखंड में राज्य स्तरीय बाल चौपाल का भव्य आयोजन किया गया। अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज कालसी में आयोजित इस कार्यक्रम में विकासखंड के 30 विद्यालयों के 600 से अधिक छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। वहीं करीब 100 शिक्षकों की मौजूदगी ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की।
कार्यक्रम में एससीईआरटी उत्तराखंड के अपर निदेशक पदमेन्द्र सकलानी, उप निदेशक विनोद मटूड़ा, अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के राज्य प्रमुख शोभन सिंह नेगी, खंड शिक्षा अधिकारी चकराता बुशरा तथा विद्यालय के प्रधानाचार्य सचिन असवाल सहित अन्य अतिथियों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। बाल चौपाल को लेकर विद्यालय स्तर पर शिक्षकों ने एक सप्ताह से अधिक समय तक तैयारियां कीं। इस दौरान बच्चों को विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ते हुए उनकी प्रतिभा को मंच प्रदान किया गया। कार्यक्रम में लगाए गए विभिन्न स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहे, जहां बच्चों और शिक्षकों ने अलग-अलग विषयों पर आधारित शिक्षण-अधिगम सामग्री (टीएलएम) का प्रदर्शन किया।
चौपाल में ‘दिमागी कसरत’, ‘आओ खेलें खेल नए’, ‘आओ दौड़ें-भागें’ और ‘मैं हूं कलाकार’ जैसी थीम आधारित गतिविधियों ने बच्चों में खासा उत्साह पैदा किया। इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों ने खेल-खेल में सीखने के साथ अपनी कल्पनाशीलता, कला और बौद्धिक क्षमता का प्रदर्शन किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने भी आयोजन में चार चांद लगा दिए। केजीबीवी कालसी एवं कोरुआ, अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज कालसी, एमआरबी स्कूल विकासनगर और राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय कालसी के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न स्टॉल गतिविधियों के साथ रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर खूब तालियां बटोरीं।
शिक्षा विभाग के आयोजन में अजीम प्रेमजी फाउंडेशन ने शिक्षकों के साथ विभिन्न गतिविधियों और टीएलएम निर्माण में सहयोग प्रदान किया। इसके अलावा भारत स्काउट्स एंड गाइड्स, रूम टू रीड, आलभ्य फाउंडेशन, अमेरिका इंडिया फाउंडेशन और आसरा ट्रस्ट सहित विभिन्न संस्थाओं ने अपने स्टॉल के माध्यम से बच्चों को उपयोगी जानकारियां और गतिविधियों से रूबरू कराया। कार्यक्रम के दौरान ग्राफिक एरा हॉस्पिटल की ओर से बच्चों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। साथ ही प्रतिभाग करने वाले सभी बच्चों को स्टेशनरी भी वितरित की गई। आयोजन को सफल बनाने में शिक्षकों, बीआरपी, सीआरपी और सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
समारोह के समापन पर खंड शिक्षा अधिकारी कालसी भुवनेश्वर प्रसाद जदली ने आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी अतिथियों, शिक्षकों, संस्थाओं और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन मंगत राम, जगदीश और इश्मित ने किया।
विद्यालय की चारदीवारी से बाहर सीखने का अनूठा मंच
राज्य स्तरीय बाल चौपाल बच्चों के लिए केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि अपनी प्रतिभा पहचानने, उसे प्रदर्शित करने और नए अनुभव हासिल करने का अनूठा अवसर साबित हुई। इस पहल ने बच्चों को विद्यालय की सीमाओं से बाहर निकलकर दूसरे विद्यालयों के विद्यार्थियों से संवाद, सहभागिता और अनुभव साझा करने का मंच दिया। खेल, कला, विज्ञान और सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से बच्चों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता और सामूहिकता की भावना विकसित करने की दिशा में यह आयोजन एक सार्थक पहल रहा।
