उत्तरकाशी के वरिष्ठ भाजपा नेता लक्ष्मण सिंह भंडारी को सरकार ने बनाया राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग का उपाध्यक्ष

उत्तरकाशी। उत्तरकाशी जिले के वरिष्ठ भाजपा नेता एवं भंडारस्यू क्षेत्र के जमीनी कार्यकर्ता लक्ष्मण सिंह भंडारी को राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग का उपाध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर क्षेत्र में खुशी का माहौल है। उनकी नियुक्ति पर पार्टी कार्यकर्ताओं, समर्थकों और विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

उत्तरकाशी के भंडारस्यू निवासी वरिष्ठ भाजपा नेता लक्ष्मण सिंह भंडारी लंबे समय से संगठन से जुड़े हुए हैं और क्षेत्र में सक्रिय सामाजिक एवं संगठनात्मक भूमिका के लिए जाने जाते हैं। सरल एवं सहज व्यवहार, मिलनसार व्यक्तित्व तथा आमजन से निरंतर संपर्क उनकी कार्यशैली की प्रमुख पहचान रही है। भंडारस्यू क्षेत्र से जुड़े जनसरोकारों और स्थानीय समस्याओं को विभिन्न मंचों पर उठाने में भी उनकी सक्रिय भूमिका रही है। सरकार ने उन्हें राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग में उपाध्यक्ष की नई जिम्मेदारी को उनके लंबे संगठनात्मक एवं सामाजिक योगदान से जोड़कर देखा जा रहा है। नई जिम्मेदारी मिलने के बाद उनसे पिछड़े वर्गों से जुड़े मुद्दों, जनसमस्याओं और सामाजिक सरोकारों को आयोग के माध्यम से प्रभावी ढंग से उठाने की अपेक्षा की जा रही है।
भाजपा कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रीय लोगों ने लक्ष्मण सिंह भंडारी को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि वे अपने अनुभव और जमीनी जुड़ाव के माध्यम से आयोग की जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करेंगे। क्षेत्रवासियों ने कहा कि भंडारी को मिली यह जिम्मेदारी भंडारस्यू क्षेत्र के साथ-साथ पूरे उत्तरकाशी जिले के लिए भी गौरव का विषय है।