एसटीएफ और औषधि विभाग की छापेमारी में नशीले इंजेक्शन और प्रतिबंधित दवाइयां बरामद, मेडिकल स्टोर सील

देहरादून। नशीली और प्रतिबंधित दवाइयों के अवैध कारोबार के खिलाफ उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने बड़ी कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, एसटीएफ उत्तराखंड के निर्देशन में एसटीएफ की एएनटीएफ कुमाऊं यूनिट और औषधि प्रशासन विभाग की संयुक्त टीम ने जनपद नैनीताल के मुखानी रोड स्थित जय श्री श्याम मेडिकल स्टोर पर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान टीम को मेडिकल स्टोर से व्यवसायिक मात्रा में नशीले इंजेक्शन और नशे में प्रयोग की जाने वाली प्रतिबंधित दवाइयां बरामद हुईं। बरामदगी के बाद औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने मेडिकल स्टोर को अग्रिम कार्रवाई तक सील कर दिया। एसटीएफ के अनुसार कार्रवाई के दौरान मेडिकल स्टोर संचालक कपिल सिंह पुत्र रमेश सिंह, निवासी जवाहरनगर, नगला, पंतनगर तथा मेडिकल स्टोर स्वामी के पति राहुल वार्ष्णेय पुत्र उपकार वार्ष्णेय, निवासी सावित्री कॉलोनी, हल्द्वानी मौके पर मौजूद मिले। दोनों के विरुद्ध औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम, 1940 के प्रावधानों के तहत आवश्यक विधिक कार्रवाई की गई है।
एसटीएफ ने बताया कि नशीली एवं प्रतिबंधित दवाइयों के अवैध कारोबार तथा इनके दुरुपयोग में संलिप्त लोगों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इस मामले में प्रतिबंधित दवाइयों के नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य व्यक्तियों के संबंध में भी जांच की जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक जांच के आधार पर आगे भी आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
संयुक्त टीम में शामिल अधिकारी
एसटीएफ (एएनटीएफ) कुमाऊं यूनिट:
निरीक्षक पावन स्वरूप, उपनिरीक्षक विनोद जोशी, उपनिरीक्षक जगदीप सिंह नेगी, हेड कांस्टेबल वीरेंद्र चौहान और हेड कांस्टेबल इसरार अहमद तथा औषधि प्रशासन विभाग की टीम में निरीक्षक शुभम कोटनाला और निरीक्षक अर्चना उप्पल।