Uttarakhandउत्तराखंडदावा

टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में हादसा, सात श्रमिकों की मौत; तीन लापता 12 श्रमिकों को सुरक्षित निकाला, राहत-बचाव अभियान जारी

देहरादून। विष्णुगाड–पीपलकोटी जलविद्युत परियोजना (VPHEP) की टेल रेस टनल (TRT) में गुरुवार शाम हुए हादसे में सात श्रमिकों की मौत हो गई, जबकि तीन श्रमिक अब भी लापता हैं। हादसे में 12 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जिन्हें उपचार के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। इनमें से एक घायल श्रमिक को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 13 अगस्त 2026 को शाम करीब 6:20 बजे TRT के फेज-II में Chainage 1440 मीटर के पास अचानक तेज आवाज के साथ बड़ी मात्रा में पानी और मलबा टनल के भीतर भर गया। हादसे के समय Chainage 1230 मीटर पर टनल की कंक्रीट लाइनिंग का कार्य चल रहा था। यहां मुख्य कार्यदायी संस्था हिंदुस्तान कंस्ट्रक्शन कंपनी (HCC) द्वारा तैनात 22 श्रमिक कार्य कर रहे थे। घटना के तत्काल बाद जिला प्रशासन के समन्वय से राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया गया। वर्तमान में THDC, HCC, NDRF, SDRF, CISF और जिला प्रशासन की संयुक्त टीमें टनल में फंसे तीन लापता श्रमिकों की तलाश में जुटी हैं। टनल से पानी और मलबा निकालने के साथ ही बचाव दलों की सुरक्षित आवाजाही के लिए आवश्यक मशीनरी, उपकरण और संसाधन मौके पर लगाए गए हैं।
THDC प्रबंधन के अनुसार राहत और बचाव अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। कंपनी के प्रबंध निदेशक सहित वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद रहकर अभियान की प्रत्यक्ष निगरानी कर रहे हैं और सभी संबंधित एजेंसियों के साथ लगातार समन्वय बनाए हुए हैं।
हादसे में जान गंवाने वाले श्रमिकों के परिजनों के प्रति THDC प्रबंधन ने गहरी संवेदना व्यक्त की है। वहीं घायल श्रमिकों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के साथ प्रभावित श्रमिकों और उनके परिवारों को हरसंभव सहायता देने की बात कही गई है। कंपनी ने कहा है कि श्रमिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और लापता श्रमिकों की तलाश एवं सुरक्षित बचाव के लिए उपलब्ध सभी आवश्यक संसाधनों का उपयोग किया जा रहा है। हादसे के कारणों और परिस्थितियों का विस्तृत आकलन संबंधित सक्षम एजेंसियों के समन्वय से किया जाएगा।
फिलहाल तीन लापता श्रमिकों की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button