Uttarakhandउत्तराखंडसम्मान

स्वतंत्रता दिवस पर उत्तराखंड पुलिस के 14 कार्मिकों को मिलेगा मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक

देहरादून। स्वतंत्रता दिवस-2026 के अवसर पर उत्तराखंड पुलिस के 14 कार्मिकों को उनकी उत्कृष्ट, कर्तव्यनिष्ठ एवं सराहनीय सेवाओं के लिए “मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक” से सम्मानित किया जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पदक के लिए चयनित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के नामों की घोषणा करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। चयनित कार्मिकों में आठ को सेवा के आधार पर, जबकि छह को विशिष्ट कार्यों के लिए यह सम्मान प्रदान किया जाएगा।

पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, सेवा के आधार पर मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक के लिए पुलिस महानिरीक्षक साइबर/एसटीएफ उत्तराखंड नीलेश आनंद भरणे, अपर पुलिस अधीक्षक पुलिस दूरसंचार नैनीताल रेवाधर मठपाल, पुलिस उपाधीक्षक सचिवालय/विधानसभा सुरक्षा भास्कर लाल शाह, पुलिस उपाधीक्षक चमोली त्रिवेंद्र सिंह राणा, पुलिस उपाधीक्षक पुलिस मुख्यालय मनीष जस्वाल, निरीक्षक नागरिक पुलिस पुलिस मुख्यालय गिरीधर सिंह रावत, निरीक्षक नागरिक पुलिस पुलिस मुख्यालय मोहम्मद यासीन तथा 40वीं वाहिनी पीएसी के गुल्मनायक दिनेश चन्द्र का चयन किया गया है।
विशिष्ट कार्यों के लिए छह कार्मिक चयनित
विशिष्ट कार्यों के लिए मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक से सम्मानित किए जाने वाले कार्मिकों में स्वर्गीय निरीक्षक मनोज मनराल, अभिसूचना एलआईयू देहरादून को मरणोपरांत, स्वर्गीय उपनिरीक्षक विनोद कुमार, नागरिक पुलिस जनपद टिहरी गढ़वाल को भी मरणोपरांत पदक प्रदान किया जाएगा।
इसके अलावा पुलिस महानिरीक्षक कार्मिक सुनील कुमार मीणा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक साइबर क्राइम पुलिस थाना देहरादून शान्तनु पराशर तथा पुलिस उपाधीक्षक अभिसूचना मनोज असवाल को विशिष्ट कार्यों के लिए पदक प्रदान किया जाएगा।

उत्कृष्ट सेवाओं का सम्मान
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पदक के लिए चयनित सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान पुलिस कार्मिकों द्वारा कर्तव्यनिष्ठा, समर्पण और उत्कृष्ट सेवाभाव के साथ किए जा रहे कार्यों का सम्मान है। उन्होंने कहा कि ऐसे सम्मान पुलिस बल के जवानों और अधिकारियों को अपने दायित्वों का और अधिक निष्ठा एवं समर्पण के साथ निर्वहन करने के लिए प्रेरित करते हैं। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रदान किए जाने वाले इस सम्मान को उत्तराखंड पुलिस के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। पदक के लिए चयनित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपने-अपने कार्यक्षेत्र में जिम्मेदारियों का प्रभावी निर्वहन करते हुए पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली को मजबूत करने में योगदान दिया है। वहीं, दिवंगत पुलिस कार्मिकों को मरणोपरांत सम्मान दिया जाना उनके कर्तव्य के प्रति समर्पण और सेवाभाव को सम्मानित करने की महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button