Uttarakhandउत्तराखंडचिंताजनक

गंगा की तेज धारा में बहा मेरठ का युवक, देर शाम तक नहीं मिला सुराग; आज फिर चलेगा SDRF का सर्च अभियान

देहरादून। ऋषिकेश-लक्ष्मणझूला क्षेत्र में गंगा नदी में स्नान के दौरान मेरठ निवासी एक युवक तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया। सूचना मिलते ही राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) की डीप डाइविंग टीम ने मौके पर पहुंचकर कई घंटे तक सघन तलाशी अभियान चलाया, लेकिन देर शाम तक युवक का कोई पता नहीं चल सका। अब सोमवार सुबह एक बार फिर खोज अभियान शुरू किया जाएगा।

रविवार को जिला कंट्रोल रूम टिहरी से मिली सूचना के अनुसार थाना लक्ष्मणझूला क्षेत्र के अंतर्गत गुलर स्थित सिरासू पुल के समीप मेरठ (उत्तर प्रदेश) से आए पांच युवक गंगा नदी में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान 23 वर्षीय सार्थक पुत्र विनोद कुमार अचानक संतुलन खो बैठा और गंगा की तेज धारा में बह गया। घटना की सूचना मिलते ही SDRF की डीप डाइविंग टीम ढालवाला तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। टीम ने थाना लक्ष्मणझूला पुलिस के साथ संयुक्त रूप से सर्च ऑपरेशन शुरू किया। गंगा नदी का जलस्तर सामान्य से अधिक होने के बावजूद प्रशिक्षित गोताखोरों ने विशेष डीप डाइविंग उपकरणों और कांटों की सहायता से संभावित स्थानों पर व्यापक खोजबीन की।
काफी देर तक चले अभियान के बावजूद युवक का कोई सुराग नहीं मिल पाया। अंधेरा होने के कारण अभियान को स्थगित कर दिया गया। SDRF अधिकारियों के अनुसार सोमवार प्रातः पुनः पूरे क्षेत्र में सघन सर्च अभियान चलाया जाएगा। डूबे युवक की पहचान सार्थक पुत्र विनोद कुमार (23 वर्ष) निवासी खाकर खेड़ा बाईपास, मेरठ (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। घटना के बाद उसके साथ आए अन्य युवक और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button