Uttarakhandउत्तराखंडचुनावजिम्मेदारीस्वास्थ्य

 प्रांतीय चिकित्सा स्वास्थ्य सेवा संघ के डॉ कुंवर अध्यक्ष और डॉ यशपाल बने महासचिव

देहरादून। प्रांतीय चिकित्सा स्वास्थ्य सेवा संघ उत्तराखंड द्वारा आयोजित शपथ ग्रहण अधिवेशन का भव्य आयोजन देहरादून में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने अपने-अपने पद एवं दायित्वों की विधिवत शपथ ली और संगठन को नई दिशा देने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तराखंड के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल तथा महानिदेशक, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण डॉ सुनीता टम्टा द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। अपने संबोधन में मंत्री ने कहा कि नए पदाधिकारियों पर संगठन को सशक्त बनाने और समाज सेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने की बड़ी जिम्मेदारी है।
मंत्री ने चिकित्सकों की लंबित मांगों पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए डीपीसी प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने, एसडीएसपी में एकमुश्त छूट देने, सभी जिला एवं उपजिला अस्पतालों में चिकित्सकों की सुरक्षा हेतु पुलिस चौकी स्थापित कराने तथा दूरस्थ क्षेत्रों में कार्यरत डॉक्टरों के लिए डॉक्टर्स कॉलोनी विकसित करने का आश्वासन दिया। साथ ही उन्होंने प्रदर्शन आधारित पोस्टिंग प्रणाली लागू करने और सुगम-दुर्गम क्षेत्रों के चयन को राज्य स्तर पर व्यवस्थित करने पर जोर दिया। अधिवेशन में पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअल माध्यम से जुड़कर नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।
इस अवसर पर विभिन्न जनपदों से आए लगभग 150 उत्कृष्ट चिकित्सकों को उनके सराहनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी समां बांधा। शपथ ग्रहण के दौरान डॉ रमेश कुंवर ने अध्यक्ष पद तथा डॉ यशपाल सिंह तोमर ने महासचिव पद की शपथ ली। अन्य पदाधिकारियों ने भी ईमानदारी, निष्ठा और संगठन की गरिमा बनाए रखने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में डॉ तृप्ति बहुगुणा (पूर्व महानिदेशक), डॉ आर.सी. पंत, डॉ शिखा जगपांगी, डॉ रश्मी पंत, डॉ डी.पी. जोशी, डॉ बी.सी. रमोला, डॉ मनोज वर्मा सहित सभी जनपदों के मुख्य चिकित्सा अधिकारी, पीएमएस/सीएमएस एवं बड़ी संख्या में चिकित्सकों ने प्रतिभाग किया।अधिवेशन के समापन पर महासचिव डॉ यशपाल सिंह तोमर ने स्वास्थ्य मंत्री, अतिथियों एवं प्रदेशभर से आए चिकित्सकों का आभार व्यक्त करते हुए संगठन के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button