Uttarakhandअपराधउत्तराखंडएसटीएफ की बड़ी कार्रवाईदावा

पाकिस्तान में बैठे आतंकी हैंडलर का गुर्गा दून में एसटीएफ ने दबोचा, आतंकी नेटवर्क की जांच में जुटी

देहरादून। देहरादून में एक बड़ी आतंकी साजिश को नाकाम करते हुए उत्तराखण्ड एसटीएफ ने “ऑपरेशन प्रहार” के तहत प्रेमनगर क्षेत्र से एक युवक को गिरफ्तार किया है। एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि आरोपी पाकिस्तान में बैठे आतंकी हैंडलर के संपर्क में रहकर न सिर्फ संवेदनशील संस्थानों की रेकी कर रहा था, बल्कि शहर में दहशत फैलाने और बड़े हमले की तैयारी में भी जुटा था। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विक्रांत कश्यप (29 वर्ष), निवासी झाझरा, प्रेमनगर के रूप में हुई है। उसके पास से अवैध .32 बोर पिस्टल, 7 जिंदा कारतूस, स्प्रे पेंट कैन और मोबाइल फोन बरामद किया गया है। दून में पकड़ा गया यह मामला एक बार फिर साबित करता है कि आतंकवादी संगठन अब सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को निशाना बना रहे हैं। समय रहते एसटीएफ की कार्रवाई ने एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया, वरना इसके गंभीर परिणाम हो सकते थे।

 सोशल मीडिया से जुड़ा पाकिस्तान का आतंकी नेटवर्क
एसटीएफ जांच में सनसनीखेज खुलासा हुआ है कि आरोपी इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप के जरिए पाकिस्तान स्थित आतंकी शहजाद भट्टी और उसके सहयोगी राणा के संपर्क में था। दोनों आरोपी को लगातार टास्क दे रहे थे और भारत में आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने के लिए उकसा रहे थे।

देहरादून के संवेदनशील ठिकानों की कर रहा था रेकी

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने देहरादून के कई महत्वपूर्ण स्थानों की वीडियो और लोकेशन पाकिस्तान भेजी, जिनमें
आईएसबीटी, पुलिस मुख्यालय अन्य सरकारी और सैन्य संस्थान शामिल हैं। जांच में यह भी सामने आया कि इन स्थानों को भविष्य में निशाना बनाने की साजिश थी।
टीटीएच ‘TTH’ नाम से दहशत फैलाने का मिशन
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी को “तहरीक-ए-तालिबान-हिन्दुस्तान (TTH)” के नाम से भारत में एक नया आतंकी नेटवर्क खड़ा करने का टास्क दिया गया था।
इस साजिश के तहत उसने देहरादून के अलग-अलग इलाकों—सेलाकुई, अडवानी पुल और झाझरा—में दीवारों पर “TTH” लिखकर वीडियो बनाए और पाकिस्तान भेजे, ताकि लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल बनाया जा सके।

दिल्ली में हमले की भी साजिश

मामले की गंभीरता तब और बढ़ गई जब जांच में सामने आया कि आरोपी को दिल्ली में एक संगठन के कार्यकर्ताओं और सुप्रीम कोर्ट के एक अधिवक्ता पर हैंड ग्रेनेड से हमला करने का टास्क भी दिया गया था।

लालच, बदले की भावना और ‘ब्रेनवॉश’

एसटीएफ पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला का प्रशंसक था। उनकी हत्या के बाद वह बदले की भावना से भरा हुआ था। इसी दौरान सोशल मीडिया पर उसे पाकिस्तानी आतंकी द्वारा डाली गई पोस्ट और रील्स ने प्रभावित किया और धीरे-धीरे वह उनके जाल में फंसता चला गया। आरोपी को नेपाल के रास्ते दुबई भेजने और मोटी रकम देने का लालच भी दिया गया था।

 STF का खुलासा: सोशल मीडिया बना हथियार
एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन सोशल मीडिया के जरिए भारतीय युवाओं को निशाना बना रहे हैं। उन्हें पहले फॉलोवर बनाया जाता है, फिर धीरे-धीरे ब्रेनवॉश कर स्लीपर सेल के रूप में इस्तेमाल किया जाता है।

 संयुक्त ऑपरेशन से मिली सफलता
यह कार्रवाई एसटीएफ और देहरादून पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा देर रात चलाए गए अभियान में की गई। आरोपी के खिलाफ थाना प्रेमनगर में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उससे जुड़े अन्य नेटवर्क की जांच जारी है।

बरामदगी
01 अवैध पिस्टल (.32 बोर), 07 जिंदा कारतूस, 01 स्प्रे पेंट कैन, 01 मोबाइल फोन।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button