Uttarakhandउत्तराखंडचिंताजनकदावा

टीएचडीसी, टनल हादसा: मुख्यमंत्री धामी ने लिया रेस्क्यू अभियान का जायजा, 19 लोगों का रेस्क्यू, 7 मौत और 3 लापता

देहरादून। मायापुर (पीपलकोटी) स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में मलबा और पानी भरने की घटना के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को घटनास्थल का स्थलीय निरीक्षण कर राहत एवं बचाव अभियान का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने टनल के अंदर जाकर रेस्क्यू कार्यों की स्थिति देखी और बचाव दलों तथा अधिकारियों से अभियान की प्रगति की जानकारी ली।

टीएचडीसी की विष्णुगाड-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना के टीआरटी टनल की लंबाई करीब तीन किलोमीटर है। टनल के लगभग 1.50 किलोमीटर हिस्से में भूधंसाव के कारण मलबा और पानी आने से हादसे की स्थिति बनी। घटना के बाद एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आईटीबीपी, पुलिस और अन्य राहत एवं बचाव दल लगातार रेस्क्यू अभियान में जुटे हुए हैं। मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रेस्क्यू अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उपलब्ध सभी संसाधनों और तकनीकी विशेषज्ञता का प्रभावी इस्तेमाल किया जाए। उन्होंने टनल में फंसे शेष तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए हरसंभव प्रयास करने तथा सभी बचाव एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।


जिलाधिकारी गौरव कुमार ने मुख्यमंत्री को हादसे की स्थिति और अब तक चलाए गए रेस्क्यू अभियान की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि टनल में फंसे 22 लोगों में से 19 लोगों को बाहर निकाला जा चुका है, जबकि तीन लोगों की तलाश एवं रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है। हादसे में अभी तक सात लोगों की दुखद मृत्यु की सूचना है। रेस्क्यू कर बाहर निकाले गए घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय गोपेश्वर पहुंचाया गया है। अस्पताल में चिकित्सकों और स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा घायलों का उपचार किया जा रहा है तथा उनके स्वास्थ्य की लगातार निगरानी की जा रही है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बचाव अभियान के साथ घायलों के उपचार, प्रभावित परिवारों की सहायता और घटनास्थल पर आवश्यक व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने रेस्क्यू टीमों को पूरी सावधानी और गंभीरता के साथ अभियान संचालित करने को कहा।

निरीक्षण के दौरान काबीना मंत्री एवं प्रभारी मंत्री भरत चौधरी, थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, राज्य मंत्री हरक सिंह, पूर्व काबीना मंत्री राजेंद्र भंडारी, नगर पंचायत अध्यक्ष आरती नवानी, सभासद राजा जोशी, आपदा सचिव विनोद कुमार सुमन, गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, उपजिलाधिकारी राजकुमार पांडेय, चंद्रशेखर वशिष्ठ सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं कार्मिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button