Uttarakhandउत्तराखंडदावादेश-विदेश

बूढ़ा केदार के जंगल में रास्ता भटके रूसी नागरिक को टिहरी पुलिस ने सकुशल खोज निकाला

देहरादून। टिहरी गढ़वाल के बूढ़ा केदार क्षेत्र में जंगल के भीतर रास्ता भटककर फंसे एक विदेशी नागरिक को टिहरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सकुशल बरामद कर लिया। विदेशी नागरिक के जंगल में फंसे होने की सूचना सोशल मीडिया के माध्यम से पुलिस तक पहुंची थी, जिसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देश पर तत्काल पुलिस एवं रेस्क्यू टीम को सक्रिय किया गया।

पुलिस के अनुसार, सोमवार को सूचना मिली कि मेड मारवाड़ी क्षेत्र के ऊपर जंगल में एक विदेशी नागरिक रास्ता भटककर फंस गया है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों को तत्काल अवगत कराया गया और एसडीआरएफ को सूचना देते हुए पुलिस टीम को रेस्क्यू के लिए रवाना किया गया। पुलिस टीम ने मेड मरवाड़ी क्षेत्र में स्थानीय ग्रामीणों से जानकारी जुटाई। पूछताछ में पता चला कि संबंधित विदेशी नागरिक को कुंडाली क्षेत्र स्थित एक छानी में एक व्यक्ति ने देखा था। इसके बाद पुलिस और रेस्क्यू टीम ने संभावित स्थानों पर तलाश अभियान शुरू किया। इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि विदेशी नागरिक मेड स्थित हरे कृष्णा आश्रम पहुंच गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम आश्रम पहुंची और उसे सकुशल अपने संरक्षण में ले लिया।

गंगोत्री से पैदल निकला था विदेशी नागरिक

पुलिस की पूछताछ में विदेशी नागरिक ने अपना नाम इवान ओग्लेजनेव (Ivan Ogleznev) बताया। वह रूस का निवासी है। पूछताछ में सामने आया कि वह गंगोत्री से पैदल यात्रा पर निकला था और रास्ता भटकने के बाद बूढ़ा केदार क्षेत्र के जंगल में पहुंच गया। पुलिस ने उसका हालचाल जानने के साथ पहचान और यात्रा से संबंधित दस्तावेजों की जांच की। प्राथमिक परीक्षण में विदेशी नागरिक स्वस्थ और सुरक्षित पाया गया।

वीजा की वैधता समाप्त मिलने पर कार्रवाई शुरू

पुलिस के अनुसार, दस्तावेजों की जांच के दौरान उसके वीजा की वैधता 19 दिसंबर 2024 को समाप्त होना पाया गया। विदेशी नागरिक को पुलिस थाना लाया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि मामले में नियमानुसार आवश्यक वैधानिक कार्रवाई और संबंधित प्रक्रिया प्रचलित है।
विदेशी नागरिक को सुरक्षित बरामद करने में निरीक्षक अजय कुमार, उपनिरीक्षक संजीत कुमार, हेड कांस्टेबल मनीष, हेड कांस्टेबल लक्ष्मण और कांस्टेबल दीपक सहित पुलिस एवं रेस्क्यू टीम की भूमिका रही। सोशल मीडिया से मिली सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस और एसडीआरएफ के समन्वित प्रयास से विदेशी नागरिक को सुरक्षित बरामद किया जाना टिहरी पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया का उदाहरण रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button