Uttarakhandउत्तराखंडजागरूकतादावा

दून मेडिकल कॉलेज में कल लगेगा विशेष स्वैच्छिक रक्तदान शिविर

देहरादून। राजकीय दून मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय, देहरादून के ब्लड बैंक परिसर में कल 06 फरवरी को एक विशेष स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए सुरक्षित एवं पर्याप्त रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना तथा समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

चिकित्सालय प्रशासन की देखरेख में आयोजित इस शिविर में प्रशिक्षित चिकित्सकों एवं तकनीकी स्टाफ द्वारा रक्तदाताओं की आवश्यक स्वास्थ्य जांच के उपरांत ही रक्तदान कराया जाएगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि रक्तदान की पूरी प्रक्रिया सुरक्षित, स्वच्छ एवं निर्धारित मानक दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपन्न की जाएगी।
अस्पताल प्रशासन ने सभी सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं, युवाओं एवं आम नागरिकों से इस पुनीत कार्य में भाग लेने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि रक्तदान एक महान मानवीय सेवा है और एक यूनिट रक्त किसी गंभीर रोगी, दुर्घटना पीड़ित, गर्भवती महिला या शल्य चिकित्सा से गुजर रहे मरीज की जान बचा सकता है।
बताया गया कि 18 से 60 वर्ष आयु वर्ग के स्वस्थ व्यक्ति इस शिविर में निःसंकोच रक्तदान कर सकते हैं। दून मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय परिवार ने अधिक से अधिक संख्या में लोगों से उपस्थित होकर शिविर को सफल बनाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button