Uttarakhandउत्तराखंडएमडीडीएदावा

एमडीडीए की नई पहचान जनता करेगी तय, मैस्कॉट डिज़ाइन पर ₹50 हजार का इनाम

देहरादून। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अपनी संस्थागत पहचान को नई दिशा देने के लिए पहली बार राज्यस्तरीय “मैस्कॉट डिज़ाइन एवं स्लोगन प्रतियोगिता-2026” आयोजित करने का निर्णय लिया है। प्रतियोगिता के माध्यम से एमडीडीए अपना आधिकारिक शुभंकर (मैस्कॉट) और आकर्षक स्लोगन जनता की सहभागिता से चुनेगा। प्रतियोगिता 3 अगस्त से 16 अगस्त 2026 तक आयोजित होगी, जिसमें मैस्कॉट श्रेणी के विजेता को ₹50 हजार तथा सर्वश्रेष्ठ स्लोगन के लिए ₹10 हजार का पुरस्कार दिया जाएगा।

एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य ऐसा मौलिक और प्रभावशाली मैस्कॉट तैयार करना है, जो प्राधिकरण के विकास कार्यों, जनजागरूकता अभियानों, नागरिक सहभागिता और आधुनिक शहरी विकास की सोच का प्रतिनिधित्व कर सके। उन्होंने कहा कि यह शुभंकर भविष्य में एमडीडीए की विभिन्न योजनाओं, अभियानों और जनसंपर्क गतिविधियों का प्रमुख चेहरा बनेगा। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को अपने डिज़ाइन के साथ एमडीडीए के लिए एक रचनात्मक स्लोगन भी प्रस्तुत करना होगा। प्रविष्टियां ऑनलाइन माध्यम से JPEG, PNG अथवा PDF प्रारूप में स्वीकार की जाएंगी। इसके साथ प्रतिभागियों को डिज़ाइन की अवधारणा, पात्र का परिचय तथा स्लोगन के औचित्य से संबंधित एक संक्षिप्त कॉन्सेप्ट नोट भी जमा करना होगा।
प्रविष्टियों का मूल्यांकन रचनात्मकता, मौलिकता, सार्वभौमिक आकर्षण, उपयोगिता तथा विभिन्न प्रचार माध्यमों में प्रभावी प्रयोग की क्षमता के आधार पर किया जाएगा। एमडीडीए ने स्पष्ट किया है कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) से तैयार किए गए डिज़ाइन प्रतियोगिता के लिए मान्य नहीं होंगे और केवल मौलिक रचनाओं पर ही विचार किया जाएगा।
प्रतियोगिता में मैस्कॉट श्रेणी के लिए प्रथम पुरस्कार ₹50 हजार, द्वितीय पुरस्कार ₹30 हजार तथा तृतीय पुरस्कार ₹15 हजार निर्धारित किया गया है। वहीं सर्वश्रेष्ठ स्लोगन अथवा टैगलाइन प्रस्तुत करने वाले प्रतिभागी को ₹10 हजार का नकद पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने विद्यार्थियों, कलाकारों, डिज़ाइनरों, रचनात्मक युवाओं और आम नागरिकों से इस प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि जनसहभागिता से तैयार होने वाली यह नई पहचान देहरादून के विकास, नवाचार और नागरिकों की आकांक्षाओं को प्रभावी ढंग से अभिव्यक्त करेगी।
एमडीडीए के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने सभी शिक्षण संस्थानों, मीडिया संस्थानों और सामाजिक संगठनों से प्रतियोगिता का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का अनुरोध किया है, ताकि अधिक से अधिक प्रतिभाशाली लोग इसमें भाग लेकर प्राधिकरण की नई पहचान गढ़ने में अपनी भूमिका निभा सकें। प्रतियोगिता के लिए पंजीकरण और विस्तृत दिशा-निर्देश क्यूआर कोड के माध्यम से उपलब्ध कराए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button