Uttarakhandउत्तराखंडदो टूकमुलाकात

मुख्यमंत्री ने सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य और भूमि विवादों सहित विभिन्न मुद्दों पर सुनी जनसमस्याएं, समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

देहरादून। पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने सड़क, पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य, शिक्षा, भूमि विवाद और अन्य जनहित से जुड़े मुद्दे मुख्यमंत्री के समक्ष रखे।

मुख्यमंत्री ने जनसुनवाई को शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम बताते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्राप्त सभी शिकायतों और मांगों पर प्राथमिकता के आधार पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक प्रकरण की नियमित मॉनिटरिंग हो और समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों को तत्काल संबंधित विभागों को भेजा जाए और उनके समयबद्ध निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही, शिकायतकर्ताओं को की गई कार्रवाई की जानकारी उपलब्ध कराना भी अनिवार्य किया जाए, ताकि शासन के प्रति जनता का विश्वास और मजबूत हो।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है कि प्रदेश के हर नागरिक को उसकी समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान मिले। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई कार्यक्रमों के माध्यम से सरकार को जमीनी स्तर की वास्तविक समस्याओं की जानकारी मिलती है, जिससे नीतियों और योजनाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदेश के दूरस्थ और सीमांत क्षेत्रों तक सरल और पारदर्शी तरीके से पहुंचे। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि आमजन को योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में किसी प्रकार की जटिलता या देरी का सामना न करना पड़े।

इस अवसर पर हिमानी शिवपुरी ने भी मुख्यमंत्री से भेंट कर चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए की गई बेहतर व्यवस्थाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रशासन यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। वहीं, आंगनबाड़ी कर्मियों ने भी अपनी समस्याओं और मांगों पर सकारात्मक आश्वासन मिलने पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।

जनसुनवाई के दौरान अधिकारियों की उपस्थिति में कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि शेष प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि सरकार जनकल्याण, सुशासन और समग्र विकास के संकल्प के साथ कार्य कर रही है और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना ही शासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button